राजमहल : तीनपहाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धूलिहार गांव में पोखर में डूबने से 55 वर्षीय महिला सावित्री देवी की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
बेटी के घर जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी शुक्रवार (21 अगस्त) को मनसा पूजा करने के बाद अपनी बेटी के घर निमगाछी जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में स्थित पोखर के पास किसी तरह उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूब गईं.
काफी देर तक जब सावित्री देवी घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उस समय उनका कोई पता नहीं चल सका. परिजनों को लगा कि सावित्री देवी मनसा पूजा देखने के लिए कहीं रुक गई होंगी और देर से घर लौटेंगी. इसी उम्मीद में परिजन उनकी तलाश करते रहे.
सुबह पोखर में तैरता मिला शव
शनिवार (22 अगस्त) की सुबह ग्रामीण रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर पोखर में तैरते शव पर पड़ी. शव देखते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया और इसकी सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सावित्री देवी के रूप में की. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर शव को पोखर से बाहर निकाला.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
घटना की सूचना तीनपहाड़ थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
