कैसा लग रहा सर” कह ग्रामीणों ने डीसी को दिखायी जर्जर सड़क

11 मई से धरना की चेतावनी

साहिबगंज

दीपक कुमार दुबे का काफिला शनिवार को नेशनल हाइवे-80 स्थित मदनसाही गांव के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा, “कैसा लग रहा सर, थोड़ा ध्यान दिया जाए सर.” ग्रामीणों की यह बात इलाके में वर्षों से खराब पड़ी सड़क को लेकर लोगों की नाराजगी और पीड़ा को बयां कर रही थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-80 की हालत पिछले करीब दो वर्षों से लगातार खराब बनी है. सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग अब इस सड़क को व्यंग्य में “एनएच-80 डोभा” कहने लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर सफर करना मुश्किल हो गया है. आये दिन लोग दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में हालात और भयावह हो जाते हैं. गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे में अंतर समझना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं. ग्रामीणों ने कहा कि विधायक मो ताजुद्दीन राजा ने भी विधानसभा सत्र में सड़क की समस्या को उठाया था, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. सड़क निर्माण की मांग को लेकर अब ग्रामीण आंदोलन की तैयारी में हैं.

ग्रामीणों ने घोषणा की है कि 11 मई से सड़क पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा. इस संबंध में उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा गया है तथा अनुमंडल पदाधिकारी और संबंधित थाना को भी लिखित सूचना दी गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >