उधवा के दियारा क्षेत्रों में पटसन की बेहतर फसल से किसानों में उत्साह, कटाई कार्य तेज

उधवा के दियारा क्षेत्रों में पटसन की बेहतर फसल से किसान खुश हैं. बाढ़ और कीटों से बचाव के कारण इस बार बंपर उत्पादन की उम्मीद है. कटाई का कार्य तेजी से जारी है.

उधवा, साहिबगंज: जिले के उधवा प्रखंड के दियारा क्षेत्रों में इस वर्ष पटसन की बेहतर फसल ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार फसल की स्थिति काफी अच्छी है. समय पर बाढ़ नहीं आने के कारण पटसन की फसल सुरक्षित रही और किसानों को बड़े नुकसान से राहत मिली. इन दिनों खेतों में पटसन की कटाई तथा उसे पानी में सड़ाने का कार्य जोर-शोर से चल रहा है. जानकारी के अनुसार प्रखंड के खटियाकाना, प्राणपुर, मुतुंज टोला, पालसगाछी, अकुंबन्ना, फुदकीपुर, कटहलबाड़ी, बेगमगंज सहित आसपास के दियारा क्षेत्रों में किसान पटसन की कटाई में जुटे हुए हैं. गंगा के जलस्तर में संभावित वृद्धि और बाढ़ की आशंका को देखते हुए किसान समय रहते फसल की कटाई कर रहे हैं. कटाई के बाद पटसन की पूलियों को गंगा अथवा आसपास के जलस्रोतों में डुबोकर कुछ दिनों तक सड़ाया जाता है. इस प्रक्रिया को रेटिंग कहा जाता है. इसके बाद पौधों से रेशा निकालने का कार्य किया जाएगा. बाढ़ और कीट प्रकोप से मिली राहत पिछले कुछ वर्षों में समय से पहले आई बाढ़ के कारण दियारा क्षेत्रों में पटसन की फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ा था. लेकिन इस वर्ष मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर नियंत्रण में रहने से निचले इलाकों की फसल भी सुरक्षित रही. साथ ही इस बार फसल में कीटों का प्रकोप भी नहीं देखा गया, जिससे उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है. स्थानीय किसान फिरोज शेख, नबी शेख और आताउर शेख सहित अन्य किसानों ने बताया कि इस वर्ष मौसम पूरी तरह अनुकूल रहा. न तो बाढ़ आयी और न ही पटसन की फसल में कीड़े लगे. पौधों की बढ़वार भी अच्छी हुई है. किसानों का कहना है कि यदि बाजार में पटसन का उचित मूल्य मिला तो इस वर्ष उन्हें अच्छी आय और मुनाफा होने की पूरी उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >