स्थायी स्टैंड के अभाव में सड़क पर लग रहे ऑटो-टोटो, लोग परेशान
Copied link
नगर पंचायत क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरायी, हर दिन लग रहा जाम
राजमहल
नगर पंचायत क्षेत्र में ऑटो और टोटो की लगातार बढ़ती संख्या अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है. एक ओर इन वाहनों से लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर इनके अव्यवस्थित परिचालन ने शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर आये दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ छात्र, मरीज और कार्यालय जाने वाले लोग भी परेशान हो रहे हैं. नया बाजार, कोर्ट परिसर, बैंक क्षेत्र, स्टेशन चौक, गांधी चौक और बालू प्लॉट जैसे व्यस्त इलाकों में चालक मनमाने तरीके से वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने और उतारने का काम करते हैं. कई बार सड़क किनारे की बजाय बीच सड़क पर ही वाहन रोक दिए जाते हैं, जिससे घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है. शहर में ऑटो-टोटो के लिए न तो कोई स्थायी स्टैंड है और न ही तय रूट की व्यवस्था की गयी है. चालक जहां जगह मिलती है वहीं वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. खासकर सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच स्कूल और कार्यालय खुलने के समय स्टेशन चौक और बाजार क्षेत्र में लंबा जाम लग जाता है. प्रशासन समय-समय पर अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करता है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है. वाहन चालकों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा स्थायी स्टैंड की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण उन्हें मजबूरन सड़क किनारे वाहन लगाना पड़ता है.
कहते हैं नपं कार्यपालक पदाधिकारी
नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ती ऑटो-टोटो की संख्या और जाम की समस्या को गंभीरता से लिया गया है. शहर में व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए स्थायी ऑटो-टोटो स्टैंड चिह्नित करने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है. प्रमुख चौक-चौराहों पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाया जाता है. आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अंतरराज्यीय बस स्टैंड परिसर में टोटो स्टैंड की व्यवस्था करने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके. यातायात सुचारू रूप से संचालित हो.
दानिश हुसैन, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत राजमहल.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.