बरहरवा
बरहरवा नगर पंचायत चुनाव में 14 वार्ड पार्षदों और नगर अध्यक्ष के चुनाव के लिये प्रतिनियुक्त अधिकारियों की घोषणा 19 दिसंबर 2025 को ही राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी थी. जिन्हें निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गयी है. बरहरवा नगर पंचायत चुनाव 2026 के लिये बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में अध्यक्ष के नामांकन के लिये एक और वार्ड पार्षदों के नामांकन के लिये दो स्थान निर्धारित किये गये हैं. अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बीडीओ कक्ष बरहरवा में निर्वाची पदाधिकारी सह आईटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह पतना बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी और बरहरवा बीडीओ सन्नी कुमार दास के समक्ष अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. वहीं, वार्ड 1 से 7 तक के वार्ड प्रत्याशी बाल विकास परियोजना कार्यालय में निर्वाची पदाधिकारी सह उधवा बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह राजमहल बीपीआरओ सूर्यनारायण चौधरी तथा ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल साहिबगंज के सहायक अभियंता एजाज अहमद के समक्ष नामांकन कर सकेंगे जबकि वार्ड 8 से 14 तक के वार्ड प्रत्याशी अंचलाधिकारी बरहरवा के कक्ष में निर्वाची पदाधिकारी सह बरहरवा सीओ अनोज कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह सिंचाई प्रमंडल बरहरवा के कनीय अभियंता अजय डुंगडुंग तथा सिंचाई प्रमंडल बरहरवा के कनीय अभियंता सूरज नुनिया के समक्ष अपना नामांकन दाखिल करेंगे. अध्यक्ष तथा वार्ड पार्षद के प्रत्याशी अलग-अलग काउंटरों में नाजिर रसीद कटवा सकेंगे.
