साहिबगंज. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पश्चिमी ऑटो सिग्नल के निकट बिजली तार की चपेट में आने से जान गंवाने वाले नॉर्थ कॉलोनी निवासी राजकुमार हरि (28 वर्ष) के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. मौके पर मौजूद पत्नी ने बताया कि राजकुमार को अनुकंपा के आधार पर रेलवे में सफाई कर्मी के पद पर नौकरी मिलने वाली थी और अगले महीने ही उनकी ज्वाइनिंग होने वाली थी. उन्होंने बताया कि उनकी सास मीरा देवी रेलवे में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थीं. उनके निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर राजकुमार की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही थी और अंतिम चरण में थी. पत्नी ने भावुक होकर कहा कि नौकरी मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरने की उम्मीद जगी थी, लेकिन ज्वाइनिंग से पहले ही हादसे ने सब कुछ छीन लिया. उन्होंने बताया कि उनके दो छोटी पुत्रियां हैं और अब उनके पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गयी है. परिजनों के अनुसार, राजकुमार परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल है. लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं न्याय दिलाने की मांग की है.
अनुकंपा पर मिलने वाली थी नौकरी, ज्वाइनिंग से पहले ही चली गयी राजकुमार की जान
मोहल्ले में भी शोक का माहौल

साहिबगंज (फाइल फोटो)