ज्वेलरी दुकान में लूट मामले का खुलासा, दो बाइक बरामद, तीन को भेजा जेल

न्यू दीपक ज्वेलर्स दुकान में बीते 4 जून को हुआ था लूटकांड

राजमहल.थाना क्षेत्र के कल्याणचक बाजार स्थित न्यू दीपक ज्वेलर्स दुकान में बीते 4 जून को हुए लूटकांड मामले का राजमहल पुलिस ने उद्भेदन करते हुए घटना में प्रयुक्त दो बाइक को बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुक्रवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में प्रेस वार्ता कर एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने कहा कि कल्याणचक बाजार के ज्वेलर्स दुकान में हुए लूट मामले में पुलिस को सफलता मिली है. घटना में शामिल तालझारी थाना क्षेत्र के बांसकोला निवासी राजेश मंडल, जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के शांतिनगर निवासी सुबोध मंडल एवं चानन निवासी सागर मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की निशानदेही पर अन्य अभियुक्तों की भी पहचान हो चुकी है. इनकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है. वहीं घटना में प्रयुक्त दो बाइक सफेद रंग का अपाची एवं काला रंग का पल्सर भी बरामद कर लिया गया है. दोनों ही बाइक में नंबर प्लेट नहीं है. घटना में शामिल अपराधियों की ही बाइक है. मालूम हो कि घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार अजीत शर्मा के बयान पर थाना कांड संख्या 174/25 बीएनएस की धारा एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, पुलिस निरीक्षक श्यामलाल हांसदा, नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडे, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, गंगा नदी थाना प्रभारी लव कुमार, महिला थाना प्रभारी पूजा कुमारी, एसआई विक्रम कुमार, विकास सेठ, अनीश कुमार पांडे व तकनीकी शाखा के लोग शामिल थे. लूटकांड के मास्टरमाइंड विष्णु की तलाश में छापेमारी :

कल्याणचक में ज्वेलरी दुकान लूटकांड के मास्टरमाइंड चानन निवासी विष्णु मंडल की तलाश में पुलिस सघन छापेमारी कर रही है. हालांकि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्लैक पल्सर बाइक को बरामद किया है, जो विष्णु मंडल का बताया जा रहा है. विष्णु मंडल कुख्यात अपराधी कृष्णा मंडल का भाई है, जो कृष्णा मंडल की मौत के बाद गिरोह का संचालन कर रहा है. साहिबगंज जिला के जिरवाबाड़ी एवं मुफस्सिल, गंगा नदी थाना क्षेत्र के अलावा बिहार के भी सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय होकर अपने गिरोह का संचालन कर रहा है. बताया जा रहा है कि हाल ही में एक मामले में जमानत पर विष्णु मंडल जेल से निकला है. सूत्रों की मानें तो घटना में लूटे गए जेवरात विष्णु मंडल की देखरेख में ही सुरक्षित हैं, इसलिए पुलिस जेवरात को बरामद करने के लिए भी लगातार कार्रवाई में जुटी है.

अपना मोबाइल भाभी को देकर फरार हो गया था विष्णु :

लूटकांड की घटना को अंजाम देने के बाद विष्णु मंडल अपनी भाभी मृत कृष्णा मंडल की पत्नी को अपना मोबाइल देकर फरार हो गया ताकि पुलिस लोकेशन निकलने पर दिग्भ्रमित हो सके. हालांकि पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए उसकी भाभी से पूछताछ की और मोबाइल को बरामद किया है. मोबाइल मिलने से ज्यादा उसकी भाभी से कोई खास जानकारी पुलिस को नहीं मिल पायी. हालांकि मोबाइल जांच के लिए काफी सहायक साबित हुआ.

घटना को अंजाम देकर दियारा पहुंचा था अपराधी :

लूटकांड की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दियारा क्षेत्र में शरण लिए हुए था. आधिकारिक रूप से गठित पुलिस की एक टीम के अलावा कई अन्य टुकड़ों में बंटी पुलिस की टीम ने दियारा इलाके के कई गांव में छापेमारी कर सफलता हासिल की और तीन अभियुक्त को गिरफ्तार कर प्रयुक्त दोनों बाइक को बरामद कर लिया. जेवरात की बरामदगी और मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है.

जिरवाबाड़ी व तालझारी से बनी कार्रवाई की योजना :

पुलिस प्रशासन ने घटना के बाद राजमहल थाना में किसी भी गतिविधि को सामने नहीं आने दिया. जिला के जिरवाबाड़ी थाना व तालझारी थाना से छापेमारी एवं कार्रवाई की योजना बनाकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. गिरफ्तार कर इसी दोनों थाना क्षेत्र में गोपनीय तरीके से पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें कई अहम सुराग पुलिस को मिले और अन्य फरार की भी पहचान हो चुकी है.

छह लोगों ने घटना को दिया अंजाम, अन्य कर रहे थे रेकी :

ज्वेलरी दुकान में लूटकांड की घटना को दो बाइक पर सवार छह लोगों ने अंजाम दिया. इसमें चार किलो चांदी के जेवरात लूट लिए गए. वहीं फायरिंग सीसीटीवी कैमरा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और दहशत फैलाने का भी काम किया था. हालांकि पुलिस ने मौके से खोखा भी बरामद किया है. वहीं अपराधी के खून के धब्बे को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भी भेजा गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >