साहिबगंज
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, साहिबगंज में शिकायत निवारण कार्य दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुन्नम संजय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने की. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों से संबंधित आवेदन कांग्रेस कार्यालय में जमा किये. जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बताया गया कि संध्या चार बजे तक प्राप्त सभी आवेदनों को संकलित कर त्वरित कार्रवाई हेतु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेज दिया गया. इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज रही है और शिकायत निवारण दिवस उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना पार्टी का उद्देश्य है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी आवेदनों पर प्रदेश नेतृत्व गंभीरता से कार्रवाई करेगा तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा. कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी अनुकूल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, उमेश पांडे, जिला महासचिव सरफराज आलम, सलाउद्दीन, जिला सचिव हरिचरण पासवान, मनीष प्रताप, सेवादल जिला अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, नगर अध्यक्ष सतीश पासवान, प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, वार्ड अध्यक्ष मज़हर खान, अविनाश कुमार ओझा, विकास चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
