बेगमगंज में मिट्टी उत्खनन व परिवहन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, प्रदर्शन

छोटे वाहनों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है

उधवा

राधानगर थाना क्षेत्र में गंगा किनारे से हो रहे मिट्टी उत्खनन व परिवहन पर रोक लगाने को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के दक्षिणी बेगमगंज गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने गंगा किनारे मिट्टी उत्खनन व परिवहन पर रोक लगाने की मांग को लेकर शुक्रवार को पंचायत के माजेदटोला बड़ा पुल के पास विरोध प्रदर्शन किया है. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों की भीड़ में आक्रोश उत्पन्न हो गया. इस दौरान सूचना पर राधानगर थाना के एएसआई सुनील मेहता ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत किया. प्रदर्शन कर रहे फारुख मोहम्मद शेख, सामजद शेख, कौशर आलम, मुजम्मिल शेख, शमसेर शेख, अहमद रेजा, आलमगीर शेख, नूर आलम शेख, जब्बार शेख, इमादुर शेख, जाल्ली शेख, अफसर शेख, यासिन शेख सहित अन्य लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र के श्रीधर दियारा पंचायत के 10 नंबर कालोनी के दक्षिण-पूर्व दिशा, दोगाछी सहित अन्य क्षेत्रों में गंगा नदी के किनारे से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मिट्टी उत्खनन किया जा रहा है. इस गोरखधंधे में प्रतिदिन 150 से 200 ट्रैक्टर मिट्टी उत्खनन कर रहे हैं. दिन-रात सड़कों पर मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के दौड़ने से काफी धूल उड़ती है, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है. ट्रैक्टर के सरपट बेरोकटोक परिचालन से सड़कों पर बच्चों को स्कूल आने-जाने में खतरा बना रहता है. साथ ही अन्य छोटे वाहनों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है. सड़कों पर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. बता दें कि पूर्व में मिट्टी लदा ट्रैक्टर से कई बार दुर्घटना हो चुकी है. मिट्टी उत्खनन से गंगा किनारे उपजाऊ भूमि भी बर्बाद हो रही है. साथ ही दियारा क्षेत्र के नदी किनारे जमीन की भौगोलिक बनावट को भी प्रभावित कर रहा है. इसके अलावा मिट्टी के अवैध उत्खनन से सरकार को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि इसी तरह बेरोकटोक मिट्टी उत्खनन किया जाए तो भविष्य में जान-माल की क्षति हो सकती है. विदित हो कि विगत 5 मार्च 2025 को मिट्टी ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की जान चली गयी थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मिट्टी उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की है.

क्या कहते हैं पदाधिकारी :

गंगा किनारे से मिट्टी उत्खनन व परिवहन पूर्णतः गैर कानूनी है. इस पर रोक लगायी जाएगी. मिट्टी अवैध उत्खनन व परिवहन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

– जयंत कुमार तिवारी, बीडीओ सह सीओ, उधवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >