बाढ़ से घिरे साहिबगंज कॉलेज के 500 छात्र, हॉस्टल की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी

साहिबगंज कॉलेज के तीनों हॉस्टल गंगा के बढ़ते जलस्तर से घिर गए हैं, जिससे करीब 500 छात्र मुश्किल में हैं. पानी हॉस्टल की सीढ़ियों तक पहुंच गया है और छात्रों को सुरक्षित आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. राहत सामग्री की तत्काल आवश्यकता है.

प्रतिनिधि, साहिबगंज. गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से साहिबगंज कॉलेज के तीनों हॉस्टल बाढ़ के पानी से घिर गए हैं. हॉस्टल के चारों तरफ पानी जमा होने से करीब 500 छात्र मुश्किल में हैं. छात्रों का हॉस्टल से बाहर आना-जाना भी मुश्किल हो गया है. पानी अब हॉस्टल की सीढ़ियों तक पहुंच चुका है. जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो हॉस्टल के अंदर भी पानी प्रवेश करने का खतरा बना हुआ है.

पानी से घिरे हॉस्टल, दहशत में कट रही छात्रों की रात

हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के सामने सबसे बड़ी परेशानी सुरक्षित आवागमन और रहने की है. छात्र बाढ़ के पानी से घिरे हॉस्टल में किसी तरह रात गुजार रहे हैं. छात्रों ने बताया कि जिस तेजी से पानी बढ़ रहा है, उससे वे डरे और सहमे हुए हैं. बाढ़ के कारण हॉस्टल में सामान्य स्थिति पूरी तरह प्रभावित हो गयी है.

अब तक नहीं मिली राहत सामग्री

हॉस्टल के सचिव कुमार सोनू रजक, विक्रम कुमार, अमित कुमार, छोटू पासवान, विजय रविदास और अमित हांसदा ने बताया कि बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है. इसके बावजूद अब तक हॉस्टल में राहत सामग्री नहीं पहुंची है. छात्रों ने जिला प्रशासन और कॉलेज प्रशासन से तत्काल भोजन, पेयजल समेत जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है.

प्राचार्य ने लिया जायजा, नंदन भवन में शिफ्ट करने की तैयारी

बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए कॉलेज के प्राचार्य हॉस्टल पहुंचे. छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें नंदन भवन में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है. जलस्तर बढ़ने की स्थिति में छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी.

छात्रों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता

हॉस्टल के चारों ओर बाढ़ का पानी पहुंचने के बाद कॉलेज प्रशासन छात्रों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है. छात्रों ने भी प्रशासन से बिना देरी किए रहने और राहत की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >