साहिबगंज की गोराबारी हटिया सुविधाओं से वंचित

बरसात में दुकानदारों को होता है भारी नुकसान

साहिबगंज

साहिबगंज के चर्चित गोराबारी हटिया की स्थिति वर्षों से बदहाल बनी हुई है. नगर परिषद के लाख प्रयासों के बावजूद यह हटिया आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है. खासकर बरसात के दिनों में दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. गौरतलब है कि यह हटिया प्रतिवर्ष सरकार को अच्छा खासा राजस्व देती है, फिर भी यहां के दुकानदार मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. अधिकांश दुकानों के ऊपर छत नहीं है, जिससे बरसात या तेज धूप में दुकानदारों को खुले आसमान के नीचे सामान बेचने को मजबूर होना पड़ता है. प्लास्टिक और तिरपाल के सहारे दुकानदार अपना बचाव तो करते हैं, लेकिन बरसात में सामान भीगने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है. दूर-दराज से आये गरीब तबके के विक्रेताओं के लिए यह स्थिति और भी कष्टदायक है.

नालियों का अतिक्रमण, जल निकासी बाधित

हटिया परिसर की नालियां अब जल निकासी के योग्य नहीं रहीं. महज 15-20 मिनट की बारिश में ही परिसर में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं. दुकानदारों का कहना है कि पहले नालियों के माध्यम से बारिश का पानी बाहर निकल जाता था, लेकिन अब अधिकांश नालियां बंद कर दी गयी हैं या उन पर दुकानें बना दी गयी हैं. कई स्थानों पर नालियों को ढक्कन लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. सफाई का भी अभाव है, जिससे परिसर में गंदगी और बदबू फैली रहती है.

न चौकीदार, न दरवाजा, सुरक्षा के नाम पर शून्यता

हटिया परिसर के चारों ओर न तो कोई गेट है और न ही एक भी चौकीदार की नियुक्ति की गयी है. यह इलाका रात होते ही सुनसान हो जाता है, जिससे चोरों और असामाजिक तत्वों के लिए यह सुरक्षित ठिकाना बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आये दिन छोटी-मोटी घटनाएं घटती रहती हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती. गेट और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में अनावश्यक लोगों का आना-जाना परिसर में लगा रहता है, जिससे आसपास के रहवासियों को काफी परेशानी होती है.

सीसीटीवी कैमरों का अभाव, अपराधी बेखौफ

हटिया परिसर और आसपास के क्षेत्रों में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है. इस वजह से असामाजिक तत्व बेखौफ होकर शाम के समय शराब पीते हैं, गाली-गलौज और हुड़दंग मचाते हैं. राहगीरों, खासकर महिलाओं को परेशान किया जाता है. बीते दिनों पशुपालन विभाग के एक कर्मी के साथ मारपीट कर 8 हजार रुपये छीन लिए गये थे, लेकिन भय के कारण उन्होंने थाने में शिकायत नहीं की.

क्या कहते है सिटी मैनेजर

सुरक्षा के दृष्टिकोन से सीसीटीवी कैमरे, मोटरसाइकिल स्टैंड व हटिया परिसर में दरवाजे लगाने के मामले में वरीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा. जनता की सुविधा सर्वोपरि है. उनकी सुविधाओं के लिए विभाग हमेशा प्रयासरत हैं.

बीरेश कुमार, सिटी मैनेजर

साहिबगंज

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >