इमरान
Sahibganj: सिदो कान्हु सभागार में रविवार को जिला पुलिस प्रशासन की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में गुम अथवा चोरी हुए 300 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को ससम्मान वापस सौंपे गए. कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने बरामद मोबाइलों को आकर्षक डब्बों में पैक कर ‘सॉरी फॉर द डिले’ संदेश के साथ मोबाइल धारकों को सौंपा. साथ ही प्रत्येक लाभुक को पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया. सभागार में मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की.
गुम मोबाइल भी वापस मिल सकता है, यह संदेश समाज तक जाए : डीसी
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि पुलिस विभाग ने अथक परिश्रम एवं तकनीकी प्रयास से बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए हैं. उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में यह जागरूकता फैलाना है कि गुम या चोरी हुआ मोबाइल भी बरामद किया जा सकता है और उसे उसके असली मालिक तक वापस पहुंचाया जाएगा. डीसी ने कहा कि मोबाइल को ‘सॉरी फॉर द डिले’ लिखे आकर्षक डब्बे में देकर लोगों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का प्रयास किया गया है. उन्होंने लाभुकों से पौधों को अपने घर एवं परिसर में लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि शेष मोबाइलों की बरामदगी के बाद आगे भी इसी तरह कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मोबाइल लौटाए जाएंगे, साथ ही युवाओं को स्वरोजगार एवं प्रशिक्षण से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा.
मोबाइल के साथ पौधा भी संभालकर रखें -डीएफओ
डीएफओ प्रबल गर्ग ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य काबिले-तारीफ है. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होगी. उन्होंने लाभुकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल के साथ दिए गए पौधे को भी संभालकर रखें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं.
जिला प्रशासन आपके साथ है, भरोसा बनाए रखें : एसपी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार का विजन ‘सरकार आपके द्वार’ है. हाल के दिनों में जिले में हुई कुछ घटनाओं से लोगों के मन में गलत धारणा बनी थी, जिसे police प्रशासन ने चुनौती के रूप में लिया. उन्होंने बताया कि एक विशेष टीम बनाकर गांव-गांव जाकर लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. अभियान के तहत अब तक लगभग साढ़े चार सौ मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनमें से 300 मोबाइल आज लौटाए गए, जबकि करीब 100 मोबाइल दूसरे जिलों एवं राज्यों के लोगों के हैं, जिन्हें बुलाकर सौंपा जा रहा है.
एसपी ने कहा कि मोबाइल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के साथ-साथ इस तरह की घटनाओं में शामिल युवाओं को रोजगार से जोड़ने की भी पहल की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिलेवासी भरोसा रखें, पुलिस एवं जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है.
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने कहा कि पुलिस अधीक्षक की पहल और सोच के तहत जिलेभर में गुम एवं चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया. तकनीकी शाखा एवं सभी थाना प्रभारियों के सहयोग से लगातार एक माह तक अभियान चलाकर सैकड़ों मोबाइल रिकवर किए गए.
ये लोग थे मौजूद
मौके पर डीडीसी सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम भगत, राजमहल एसडीओ सदानंद महतो, मुख्यालय डीएसपी विजय कुशवाहा, सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, मेजर रोहित दुबे, राजमहल प्रक्षेत्र इंस्पेक्टर राजीव रंजन, सदर प्रक्षेत्र इंस्पेक्टर सह नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता, बोरियो प्रक्षेत्र इंस्पेक्टर नुनु देव राय, बरहरवा प्रक्षेत्र इंस्पेक्टर राजेश कुमार, जीरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, गंगा थाना प्रभारी लव कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीश पांडे, मिर्जा चौकी थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव, तालझारी थाना प्रभारी नितेश पांडे, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, राजमहल महिला थाना प्रभारी करुणा कुमारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार, बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह एवं कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
ये भी पढ़ें…
साहिबगंज : बरहरवा-हिरणपुर मुख्य मार्ग पर पुल में हो रहा धंसान, हादसे को दे रहा आमंत्रण
योजनाओं में पारदर्शिता व समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : डीसी
