उधवा से मो इरशाद की रिपोर्ट
Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को स्तब्ध कर दिया. उधवा कचहरी पुल से पियारपुर बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर स्टोन चिप्स लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
सुबह 7 बजे हुआ हादसा
यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ. जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर (संख्या जेएच 17 एडी 3732) चिप्स लादकर उधवा पुल से पियारपुर की ओर जा रहा था. उसी दौरान कटहलबाड़ी बाजार निवासी 35 वर्षीय अनसारूल मोमिन अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस (संख्या जेएच 18 जे 2022) बाइक से उधवा चौक की ओर जा रहे थे. इसी बीच अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
ट्रैक्टर पलटा, युवक की गई जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में बाइक सवार अनसारूल मोमिन को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अनसारूल मोमिन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वे अपने पीछे तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शिवानंद प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है.
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन चलते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है.
इसे भी पढ़ें: प्रिंस खान के गुर्गों पर मंडरा रहा काल, आठ दिन के अंदर धनबाद पुलिस के दूसरे एनकाउंटर से अपराधियों में खौफ
सतर्कता की जरूरत
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं यह संकेत देती हैं कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है. साथ ही प्रशासन को भी ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें: महुआ भड़का रहा झारखंड के जंगलों में आग, देवघर के डिगरिया पहाड़ की चोटी चपेट में
