राजमहल से शत्रुघ्न हजारी की रिपोर्ट
Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल के राधानगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में नानी की मौत हो गई, जबकि उनका नाती गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा दक्षिण पियारपुर स्थित आकुनबन्ना नाशघाट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
उधवा जा रहे थे नानी-नाती
मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण पियारपुर निवासी आरिफ शेख (30) अपनी नानी हविलान बीबी (50) को बाइक से किसी काम से उधवा ले जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
चालक मौके से फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत सड़क से उठाया और इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल से हायर सेंटर किया गया रेफर
राजमहल अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर सौरभ कुमार ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. परिजनों के अनुसार दोनों को इलाज के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में बोरियो के पास हविलान बीबी की हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं आरिफ शेख का इलाज अभी जारी है और उन्हें आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद राधानगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई. एएसआई ओमप्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ट्रैक्टर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस महकमे में हड़कंप, कैंपस खाली
तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से बढ़ रहा खतरा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस सड़क पर मिट्टी लदे ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार से चलते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक्टर चालकों पर सख्ती की जाए और सड़क पर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: गुमला में हाथी ने घर तोड़ा, दीवार गिरने से 5 महीने की बच्ची की मौत, देखें वीडियो
