साहिबगंज मेला में खूनी खेल: दोस्त ने ही दोस्त के जबड़े में मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार

Sahibganj Crime News: साहिबगंज के जिरवाबाड़ी में दोस्ती शर्मसार हुई है! काटरगंज स्थित लक्ष्मी नारायण यज्ञ मेले में देर रात एक युवक को उसके ही दोस्त ने गोली मार दी. गोली जबड़े को चीरते हुए निकल गई, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी लाल बाबू को कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

Sahibganj Crime News, साहिबगंज (सुनील ठाकुर की रिपोर्ट): साहिबगंज जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत काटरगंज में आयोजित लक्ष्मी नारायण यज्ञ मेला सोमवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. रात करीब एक बजे हुई इस वारदात ने मेले में मौजूद लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी. मिली जानकारी के अनुसार, जिरवाबाड़ी चानन निवासी स्व. शिव कुमार (23 वर्ष) मेले में अपनी दुकान लगाता था. सोमवार देर रात जब वह दुकान बंद कर अपने साथियों और अन्य दुकानदारों के साथ भोजन कर रहा था, तभी अचानक उसे निशाना बनाकर गोली चला दी गई.

जबड़े को आर-पार कर गई गोली, हालत गंभीर

हमला इतना सटीक था कि गोली शिव कुमार के जबड़े को चीरती हुई निकल गई. घटना के तुरंत बाद घायल को खून से लथपथ हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार करने वाले डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि गोली लगने से जबड़ा बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है, जिसके कारण गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

Also Read: बोकारो की लापता युवती के मामले में हाइकोर्ट सख्त, डीजीपी से पूछा – क्यों नहीं हुआ कंकाल का डीएनए टेस्ट

दोस्ती की आड़ में दुश्मनी का खुलासा

शुरुआत में यह मामला अज्ञात हमलावरों का लग रहा था, लेकिन पुलिसिया तफ्तीश ने सबको चौंका दिया. जांच में पता चला कि गोली चलाने वाला कोई और नहीं बल्कि शिव कुमार का अपना दोस्त लाल बाबू (26 वर्ष) था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या बात हुई कि एक दोस्त ने दूसरे की जान लेने की कोशिश की.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे

पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देश पर जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी शुरू की. कांड संख्या 58/26 दर्ज करते हुए पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर आरोपी लाल बाबू को धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है. थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हमले के पीछे के असल कारणों का खुलासा कर लिया जाएगा.

Also Read: CBSE 10th Result: हेरिटेज इंटरनेशनल का धमाका, 23 विद्यार्थियों ने हासिल किया 90% से अधिक अंक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >