साहिबगंज में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार, बरहरवा के आपूर्ति पदाधिकारी 40 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

ACB Action: साहिबगंज के बरहरवा में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमओ नंदन कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया. डीलरों से अवैध वसूली की शिकायत पर कार्रवाई हुई. आरोपी को हिरासत में लेकर दुमका ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

बरहरवा से विकास जायसवाल की रिपोर्ट

ACB Action: झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दुमका एसीबी की टीम ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नंदन कुमार को 40 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई प्रखंड मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय में की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

डीलरों से अवैध वसूली की शिकायत

जानकारी के अनुसार बरहरवा प्रखंड के डीलरों से प्रत्येक माह 5 हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी. इसको लेकर डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम ने दुमका एसीबी से शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि एमओ नंदन कुमार सभी डीलरों पर पैसे जमा करने का दबाव बना रहे थे, जिससे डीलरों में काफी नाराजगी थी.

जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की. तय योजना के अनुसार आलमगीर आलम को 40 हजार रुपये देकर एमओ के पास भेजा गया. जैसे ही उन्होंने पैसे सौंपे, पहले से घात लगाए एसीबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नंदन कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. इस दौरान टीम के सदस्य सादे लिबास में मौजूद थे.

दो महीने पहले ही हुई थी नियुक्ति

बताया जा रहा है कि नंदन कुमार की नियुक्ति करीब दो महीने पहले ही एमओ पद पर हुई थी. वह मूल रूप से दुमका जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने सीजीएल परीक्षा पास कर यह सरकारी पद हासिल किया था और बरहरवा में उनकी यह पहली पोस्टिंग थी. शुरुआती कार्यकाल में ही इस तरह के आरोप लगने से विभाग में भी चर्चा का माहौल है.

कार्यालय से हिरासत में लेकर दुमका रवाना

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर दुमका कार्यालय ले गई. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर एसीबी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

इसे भी पढ़ें: पलामू के नावाजयपुर में दो मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर, दो की मौत, एक घायल

डीलरों में राहत, इलाके में चर्चा

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय डीलरों और आम लोगों में राहत की भावना देखी जा रही है. लंबे समय से चल रही कथित अवैध वसूली पर यह कार्रवाई एक बड़ा कदम माना जा रहा है. घटना के बाद पूरे बरहरवा क्षेत्र में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है और लोग एसीबी की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों की चंगुल में फंसे चार चिड़ीमार, पुलिस की मुस्तैदी से बची जान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >