प्रतिनिधि, बरहरवा :साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव से बीती रात लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक महेश कुमार ठाकुर उर्फ सोनू ने रांगा थाना में शिकायत दर्ज करायी है. साथ ही उन्होंने लोगों से चोरी हुए ट्रैक्टर की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या उन्हें सूचना देने की अपील की है.
रात में ट्रैक्टर लेकर फरार हुए चोर
मालिक के अनुसार ट्रैक्टर को कुंवरपुर गांव में रखा गया था. रात के समय अज्ञात चोर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल है. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी हुए ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है.
ये है चोरी हुए ट्रैक्टर की पहचान
चोरी हुआ ट्रैक्टर महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड कंपनी का 475 DI MS SP PLUS मॉडल है. ट्रैक्टर का रंग लाल है और यह डीजल से संचालित होता है. इसकी पहचान के लिए मालिक की ओर से निम्न विवरण दिया गया है.
- वाहन नंबर : JH17AB5070
- मॉडल : Mahindra 475 DI MS SP PLUS
- रंग : लाल
- पंजीकरण तिथि : 31 अक्टूबर 2023
- निर्माण माह : जून 2023
- चेसिस नंबर : MBNTFAV7PRC00331
जानकारी मिले तो तत्काल दें सूचना
ट्रैक्टर मालिक ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को वाहन नंबर JH17AB5070 या दिये गये विवरण वाला लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर कहीं दिखाई देता है अथवा चोरी हुए ट्रैक्टर के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल नजदीकी थाना या वाहन मालिक को सूचना दें.
मामले में पुलिस से चोरी हुए ट्रैक्टर की बरामदगी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गयी है.
