प्रतिनिधि, राजमहल : बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लोगों की मदद के लिए साहिबगंज पुलिस ने मानवीय पहल की है. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजमहल थाना परिसर में शनिवार की शाम बाढ़ पीड़ितों के लिए लंगर की शुरुआत की गयी. एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी की मौजूदगी में शुरू हुए लंगर में पुलिस पदाधिकारियों ने स्वयं बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन परोसा.
दोपहर 12 और शाम छह बजे मिलेगा भोजन
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन की परेशानी न हो, इसके लिए थाना परिसर में लंगर की व्यवस्था की गयी है. यहां बाढ़ पीड़ितों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जायेगा. प्रतिदिन दोपहर 12 बजे और शाम छह बजे से भोजन का वितरण किया जायेगा.
भोजन तैयार करने से वितरण तक पुलिस संभाल रही व्यवस्था
लंगर शुरू होने के साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत मिलने लगी है. पुलिस की ओर से भोजन तैयार कराने से लेकर वितरण तक की व्यवस्था की गयी है. इस दौरान पुलिस पदाधिकारी और जवान भी सेवा कार्य में जुटे रहे.
पुलिस पदाधिकारी और जवान रहे मौजूद
मौके पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एसआई ओम प्रकाश चौहान, महादेव उरांव, पवन कुमार, एएसआई दीवान कुमार निराला सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल मौजूद थे.
