राजमहल. नगर पंचायत कार्यालय में गुरुवार को नगर अध्यक्ष मो केताबुद्दीन शेख की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई. बैठक में नगर के विकास, जल संरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था, राजस्व प्रबंधन और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति दी गई. बैठक में उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि मो मारूफ उर्फ गुड्डू, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन सहित सभी बोर्ड सदस्य मौजूद थे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों की मासिक रैंकिंग की जाएगी. इसके लिए राजस्व प्रबंधन, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था को आधार बनाया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि इससे वार्डों में बेहतर कार्य करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और लोगों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार होगा.
15वें वित्त आयोग के तहत होने वाली एचएलएमसी बैठक को लेकर भी विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा की गई. प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित इंडोर स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, इनवर्टर और बैटरी लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी. बैठक में कैच द रेन-2026 अभियान को लेकर भी निर्णय लिया गया. इसके तहत अगले एक माह तक नगर क्षेत्र में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को लेकर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा. वहीं 14 जुलाई को नमस्ते दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत सभागार में किया जाएगा.
"सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ " अभियान के तहत 16 जुलाई से 31 जुलाई तक नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. इस दौरान कचरा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरुकता और स्वच्छ पर्यावरण को लेकर लोगों को जागरूक किया जायेगा. नगर अध्यक्ष मो केताबुद्दीन शेख ने कहा कि नगर क्षेत्र के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. सभी वार्डों में कार्यों की नियमित समीक्षा होगी. वार्डों की मासिक रैंकिंग से विकास कार्यों में तेजी आएगी.
नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है. कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने कहा कि बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों को समय पर लागू किया जाएगा. नगर क्षेत्र में स्वच्छता, जल संरक्षण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा.
उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की. मौके पर वार्ड पार्षद सन्नी साहा, राजू सरकार,अमीर मंडल, डोली कुमारी, मो बरकत, राजकुमार मंडल, उज्ज्वल हालदार एवं अन्य उपस्थित थे .
