तीनपहाड़ : तीनपहाड़ में अंडरपास नवीनीकरण की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होती नजर आ रही है. मालदा रेल मंडल अंतर्गत तीनपहाड़ अंडरपास के नवीनीकरण को रेलवे की ओर से स्वीकृति मिल गई है. जेएमएम के राजमहल प्रखंड उपाध्यक्ष मुर्शीद राजा ने राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा को धन्यवाद देते हुए आभार जताया. उन्होंने कहा कि विधायक का प्रयास रंग लाया और आमजन की वर्षों पुरानी मांग को रेल विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है. तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति की ओर से भी विधायक का आभार प्रकट किया गया.
80 हजार से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
तीनपहाड़ और उसके मध्य एक ऐसा इलाका है, जिसकी कुल आबादी तकरीबन 80 हजार से अधिक है. आबादी वाले गांवों के बीच से बड़ी रेल श्रृंखला गुजरती है, जिससे पूरा इलाका मुख्य सड़क और शहर से कट जाता है. रेलवे क्रॉसिंग नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
रेल लाइन पार करने की मजबूरी होगी खत्म
अंडरपास नहीं होने की वजह से स्थानीय नागरिक जान जोखिम में डालकर रेल लाइन पार करते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है. अब अंडरपास बनने से लोगों का आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
