नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड-1 एवं 2 अंतर्गत झिकटिया काली मंदिर प्रांगण में रविवार को प्रभात खबर की ओर से ‘प्रभात संवाद’ का आयोजन किया गया. जिसमें झिकटिया की दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने गांव की समस्याओं को प्रमुखता से रखा एवं प्रशासन से उनके निदान की मांग की. गांव के लोगों ने बताया कि हमारे गांव में करीब 350 घर है तथा गांव की आबादी लगभग 1700 है. इतनी घनी आबादी वाला गांव होने के बावजूद यहां मूलभूत समस्याओं का अभाव है. पूरे गांव में पेयजल की भारी किल्लत है. दो-तीन चापकल है, जो बहुत पुराने हो चुके हैं. गांव में नगर पंचायत के द्वारा करायी जाने वाली एक भी डीप बोरिंग नहीं है. जिसके कारण ग्रामवासियों को पेयजल व घरेलू कार्यों को लेकर पानी के लिये परेशानी उठानी पड़ती है. नगर प्रशासन को हमारे गांव में 5-6 स्थानों पर डीप बोरिंग सह पाइपलाइन की व्यवस्था करनी चाहिए. वहीं, गांव की महिलाओं ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या नशाखोरी की है. गांव के युवा और नाबालिग दिनों-दिन नशाखोरी के दलदल में फंसते जा रहे है. वे रोजाना काम करके आते हैं और अपनी गाढ़ी कमाई नशा में खर्च करते हैं. गांव के लड़के कोरेक्स, डेंडराइट, अफीम, इंजेक्शन, गांजा, सिगरेट, तम्बाकू व शराब की बुरी आदतों में फंस गये हैं. गांव के ही कुछ लड़के युवाओं तक नशीला पदार्थ पहुंचा कर उनकी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं. नशीले पदार्थों के कारोबारी भी ऐसे लड़कों को चुनते हैं. प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिये. वहीं, वार्ड 1 के ग्रामीणों ने कहा कि वार्ड 1 में बिंदुधाम मंदिर व बीएसके कॉलेज जाने का प्रमुख मार्ग है, लेकिन इसके बावजूद झिकटिया चौक से काली मंदिर तक नाली नहीं है, जिस कारण घरों का गंदा पानी अक्सर सड़क पर बहता है. बरसात में कठिनाई और बढ़ जाती है. सड़क पर पानी जमा होने से सड़क भी खराब हो रहा है इसीलिये नगर प्रशासन को वार्ड 1 में आरसीसी नाली व कालीकृत सड़क का निर्माण करना चाहिये. गांव में बिजली के पुराने तार नंगे झूल रहे है. जिसे बदलकर कवर्ड तार लगाने की जरूरत है. दीपावली जैसे त्योहार में भी गांव में लाइट का उचित प्रबंध नहीं है, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, कुछ लगी भी है तो वो खराब है. नगर प्रशासन के द्वारा नियुक्त सफाई कर्मी कई-कई दिनों तक गांव में झाड़ू लगाने नहीं आते हैं और न ही कचरा उठाने आते हैं. गांव में डस्टबीन की भी सुविधा नहीं है. गांव के मुख्य सड़क व गलियों में जलजमाव के कारण विषैले मच्छर व कीड़े-मकौड़े अपना पैर पसार चुके हैं. इसीलिए नियमित रूप से गांव में फॉगिंग करनी चाहिये. वहीं, वार्ड 2 के ग्रामीणों ने बताया कि काली मंदिर से लखन महतो के घर तक का गली पूरी तरह से जर्जर हो चुका है तथा नाली नहीं रखने का कारण सालों भर सड़क कीचड़मय रहता है. इसीलिये, गली में पीसीसी सड़क सह आरसीसी नाला बनाया जाये. साथ ही काली मंदिर के समीप स्थित ढीबरी गढ़ईया तालाब की साफ-सफाई कराई जाय. वहीं, गांव की कई महिलाओं ने बताया कि योग्य होने के बावजूद भी उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, जबकि उन्होंने कई बार आवेदन दिया है. वहीं, गांव की कई महिलाओं ने मंईयां सम्मान योजना का पैसा नहीं मिलने की भी समस्या बतायी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.