साहिबगंज.
ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजेश अग्रवाल ने शनिवार को जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कहा कि व्यापारियों का संगठन मजबूत बनाने के लिए सदस्यता विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने चैंबर की जिम्मेदारी संभाली थी, तब सदस्य संख्या केवल 35 से 40 थी, जो अब बढ़कर 133 हो चुकी है. हालांकि उन्होंने माना कि यह संख्या और अधिक हो सकती थी, लेकिन पूर्व में बने नियमों के कारण सदस्यता विस्तार सीमित रहा. राजेश अग्रवाल ने वादा किया कि यदि उन्हें दोबारा सेवा का अवसर मिला, तो वे अगले दो वर्षों में कम से कम 500 सदस्य जोड़ने का प्रयास करेंगे और आगामी चुनाव भी 500 सदस्यों के बीच कराने का लक्ष्य रखेंगे. उनका कहना है कि चैंबर को पूरे जिले के व्यापारियों का सशक्त प्रतिनिधि बनाना जरूरी है. उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में राजमहल, तालझाड़ी, मिर्जाचौकी, सकरीगली, बोरियो और तीनपहाड़ जैसे क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाया गया. साथ ही राजमहल और मिर्जाचौकी में पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठकें भी आयोजित हुईं. उन्होंने आगे जिला स्तरीय बैठक और एजीएम टाउन हॉल में कराने की योजना भी साझा की, ताकि व्यापारी खुलकर अपनी समस्याएं रख सकें.
