बटाईल पंचायत के बड़ा गढ़ग्राम के लोग पेयजल, सड़क व मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे

‘प्रभात खबर आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन

बरहरवा

प्रखंड क्षेत्र की बटाईल पंचायत अंतर्गत आदिवासी बहुल गांव बड़ा गढ़ग्राम में शनिवार को प्रभात खबर की ओर से ‘प्रभात खबर आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें बड़ा गढ़ग्राम गांव की तीन दर्जन से अधिक महिलाएं, बुजुर्ग व युवा शामिल हुये. कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने खुलकर प्रभात खबर से अपने गांव की समस्याओं को लेकर अपनी बातें साझा की, और बताया कि बड़ा गढ़ग्राम बरहरवा प्रखंड की बटाईल पंचायत में आता है, लेकिन आज भी यहां कई मूलभूत समस्याएं हैं जिनका समाधान नहीं हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार बड़ा गढ़ग्राम में कुल 230 मकान हैं, जिनकी आबादी लगभग एक हजार है. ग्रामीणों के अनुसार गांव की सबसे बड़ी समस्या शुद्ध पेयजल की है. पीने व अन्य दैनिक कार्यों में ग्रामीणों को पानी की भारी किल्लत उठानी पड़ती है. युवाओं ने बताया कि उनके गांव में नल-जल योजना के तहत करीब दो वर्ष पहले 15 स्थानों पर सोलर संचालित डीप बोरिंग की गयी थी. लेकिन, संवेदक द्वारा उक्त कार्य को अभी तक पूरा नहीं किया गया है. गांव के बेटका बास्की के घर से गोबिंद मुर्मू के घर तक व गणेश बास्की के घर से पांडा बास्की के घर तक सड़क जर्जर हो चुकी है तथा बरसात में सड़क कीचड़मय हो जाती है. इसीलिये, उक्त दोनों स्थानों पर पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिये. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थित सातक पोखर बरसात में लबालब भर जाता है तथा तालाब का पानी कई घरों में घुस जाता है. वहीं, गांव की महिलाओं ने बताया कि गांव में दो दर्जन से अधिक महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. साथ ही गांव की कई नई-नवेली दुल्हनों व बच्चों का नाम राशन कार्ड में नहीं जोड़ा गया है. इस कारण उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीण प्रशासन से गांव में स्थित दो तालाबों धोबयानी पोखर और जाहेर थान पोखर में सीढ़ी घाट, तालाब के किनारे गार्डवाल निर्माण, काली मंदिर के समीप बैठकी के लिये जर्जर चबूतरे के स्थान पर नया चबूतरा निर्माण, जाहेर थान तथा मांझी थान का घेराव करने की मांग कर रहे हैं. गांव के कुछ लोगों को अभी तक अबुआ आवास तथा प्रधानमंत्री आवास के अलावे पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है.

मैदान के समतलीकरण व स्कूल में शिक्षक बहाली की मांग

युवाओं ने बताया कि हम लोग गांव के मैदान में फुटबाॅल, कबड्डी, खो-खो, हॉकी आदि खेला करते हैं. कई बार मैदान में टूर्नामेंटों का भी आयोजन किया जाता है. जहां जिले के विभिन्न हिस्सों से टीमें खेलने के लिये आती हैं. लेकिन, मैदान का समतलीकरण नहीं होने के कारण खेल में बाधा उत्पन्न होती है. बारिश होने पर मैदान में कीचड़ हो जाता है तथा घास-फूस उग आते हैं. युवाओं ने प्रशासन से मैदान के समतलीकरण तथा सौंदर्यीकरण के साथ-साथ स्टेडियम निर्माण की मांग की है. युवाओं ने बताया कि गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय बड़ा गढ़ग्राम में पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है, जहां गांव के 100 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं लेकिन स्कूल में केवल एक ही शिक्षिका हैं. इस कारण बच्चों की पढ़ाई-लिखाई बाधित होती है. इसीलिए युवाओं ने गांव के स्कूल में शिक्षकों की कमी को दूर करने और विद्यालय को मध्य विद्यालय बनाने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >