अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीसी

बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

साहिबगंज. समाहरणालय सभागार में गुरुवार को डीसी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में बकरीद को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समीक्षा बैठक हुई. इसमें प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, अग्निशमन, परिवहन, उत्पाद विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. बैठक में डीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ एवं थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. डीसी ने संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखने का निर्देश दिया. सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने तथा भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी. अवैध शराब और अन्य नशे के खिलाफ भी सघन अभियान चलाने के निर्देश दिया गया. नगर निकायों को ईदगाहों, मस्जिदों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, जलजमाव हटाने तथा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाओं, चिकित्सकों और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं विद्युत एवं अग्निशमन विभाग को भी पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया. डीसी ने कहा कि जिले की सामाजिक समरसता और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की. बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, परियोजना निदेशक आइटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, सदानंद महतो, एसडीपीओ, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAKESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >