इमरान
Sahibganj: मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र में हुए मरांग टुडू हत्याकांड मामले में साहिबगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या मामले के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले का खुलासा गुरुवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया गया. जानकारी के अनुसार मिर्जाचौकी थाना कांड संख्या 48/26 दिनांक 24 मई 2026 के तहत मृतक मरांग टुडू की हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
मृतक की पत्नी तामी चोड़े, निवासी कटहल टोला सरकंडा थाना ईशीपुर बाराहाट जिला भागलपुर (बिहार) के लिखित आवेदन पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था. आवेदन में पति मरांग टुडू, उम्र लगभग 41 वर्ष, की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साहिबगंज के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन एवं गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.
गिरफ्तार आरोपी को भेजा गया जेल
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल बरामद किया और मामले में संलिप्त आरोपी सनत टुडू, उम्र करीब 23 वर्ष, पिता स्व. मंजू टुडू, निवासी कटहल टोला सरकंडा थाना ईशीपुर बाराहाट जिला भागलपुर (बिहार) को 27 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से मोबाइल भी जब्त किया है. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
पुलिस के अनुसार ग्राम बसहा मौजा पहाड़ के पास मैदान को घटना स्थल बताया गया है. मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है. छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रूपेश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार प्रभाकर, पुलिस अवर निरीक्षक विक्रम कुमार बाजरी एवं मिर्जाचौकी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
तेज आंधी-बारिश से साहिबगंज में जनजीवन प्रभावित, सात घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
नार्थ कॉलोनी में रेलवे जमीन पर बसी 20 झुग्गी-झोपड़ी पर चला बुलडोजर
