प्रतिनिधि, बरहरवा . साहिबगंज जिले के बरहरवा समेत कोटालपोखर, गुमानी, बरहेट और पतना प्रखंड क्षेत्र में बुधवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है . सुबह से आसमान में बादल छाये रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही . कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आयी और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली .
बारिश के बाद क्षेत्र में मौसम सुहाना हो गया है . हालांकि, लगातार बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है . कई जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया, जबकि ग्रामीण इलाकों में कच्ची सड़कों पर कीचड़ फैलने से आवागमन मुश्किल हो गया .
बारिश से सड़कों पर पानी, कच्चे रास्तों पर बढ़ी परेशानी
लगातार बारिश के कारण बरहरवा समेत आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया . ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची सड़कों की स्थिति और खराब हो गयी . कीचड़ के कारण पैदल चलने के साथ दोपहिया वाहनों से आवागमन करने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा .
निचले इलाकों में अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलजमाव की समस्या और बढ़ने की आशंका जतायी जा रही है .
बारिश का असर बाजारों पर भी दिखा
बुधवार सुबह हुई बारिश का असर बाजारों में भी देखने को मिला . सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही . जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोग छाता और बरसाती का सहारा लेते नजर आये .
बारिश के कारण सुबह के समय कई दुकानों पर भी अपेक्षाकृत कम चहल-पहल रही . हालांकि, आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए लोग बारिश के बीच बाजार पहुंचते रहे .
किसानों के चेहरे पर लौटी उम्मीद
बारिश को क्षेत्र के किसान धान समेत अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बता रहे हैं . ग्रामीणों के अनुसार, बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है .
किसानों का कहना है कि इस समय पर्याप्त बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है . खेतों में नमी रहने से धान की खेती समेत अन्य कृषि कार्यों को गति मिलेगी .
यह भी पढ़ें:
राजमहल के बजरंगबली मंदिर से घंटी गायब, सुबह मचा हड़कंप; 2 संदिग्धों से पूछताछ
मौसम में बढ़ी ठंडक, उमस भरी गर्मी से राहत
बारिश के कारण तापमान में गिरावट आयी है और मौसम में ठंडक बढ़ गयी है . पिछले दिनों की उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत महसूस की . हालांकि, लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में जलजमाव और ग्रामीण सड़कों पर कीचड़ की समस्या बढ़ सकती है .
फिलहाल बारिश ने एक ओर जहां आम लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए खरीफ फसलों के लिहाज से इसे राहत की बारिश माना जा रहा है .
