प्रतिनिधि, राजमहल : हज-2026 की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में 24 पंजीकृत हज यात्रियों का अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण किया गया. अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू के नेतृत्व में राजमहल क्षेत्र के महिला एवं पुरुष हज यात्रियों की चिकित्सकीय जांच की गयी. जांच के दौरान यात्रियों का रक्तचाप, ब्लड शुगर, सामान्य स्वास्थ्य स्थिति समेत अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किये गये. स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी 24 यात्रियों को आवश्यक टीके लगाये गये. साथ ही स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण का प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा. चिकित्सकों ने यात्रियों को हज यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी.
यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जांच अनिवार्य
उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण अनिवार्य प्रक्रिया है. जितने भी हज यात्री हज में जाएंगे उसे सर्टिफिकेट दिया जाएगा. इसका उद्देश्य यात्रा के दौरान संभावित स्वास्थ्य समस्याओं से यात्रियों को बचाना और उनकी सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है.
हज कमेटी के सदस्य ने ली व्यवस्था की जानकारी
मौके पर हज कमेटी के जिला सदस्य सह व्यवस्थापक हाजी मो. मखदूम की देखरेख में हज यात्री अस्पताल पहुंचे. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल प्रबंधन की ओर से की गयी व्यवस्था की जानकारी भी ली.
