संवाददाता, साहिबगंज. शहर के झरना कॉलोनी में श्री श्री 108 शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार सुबह 10 बजे 501 कन्याओं के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना. गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गंगा तट पहुंची.
गंगा तट से कलश में भरा गया पवित्र जल
कलश यात्रा झरना कॉलोनी से निकलकर टाउन हॉल, पूर्वी फाटक, सकरोगढ़, पुरानी साहिबगंज और कमल टोला होते हुए गंगा तट पहुंची. यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ कलश में गंगा जल भरा.
इसके बाद कलश यात्रा बड़तल्ला, कुलीपाड़ा, ग्रीन होटल मोड़, कॉलेज रोड और टमटम स्टैंड होते हुए वापस झरना कॉलोनी पहुंची. यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे.
अधिवास और प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन
समिति के अनूपलाल हरि और अधिवक्ता लाला पासवान ने बताया कि 26 अगस्त, बुधवार को अधिवास, नगर भ्रमण, महास्नान एवं प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जायेगा.
वहीं, 27 अगस्त, गुरुवार को महारुद्राभिषेक, हवन, पूर्णाहुति एवं प्रसाद भंडारा आयोजित होगा. सभी धार्मिक अनुष्ठान साहिबगंज के आचार्य पंडित रंजय शास्त्री की देखरेख में संपन्न होंगे.
शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा. महिलाओं और कन्याओं ने पूरे धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर झरना कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
कलश यात्रा को सफल बनाने में समाजसेवी मंटा मंडल समेत दर्जनों लोगों का योगदान सराहनीय रहा. समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया.
