बरहेट से नागराज साह की रिपोर्ट
Baba Gajeshwarnath Dham: सावन महीने की शुरुआत के साथ ही झारखंड के साहिबगंज जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में गुरुवार को माहव्यापी राजकीय श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ. जिला प्रशासन और शिवगादी प्रबंध समिति की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और 'हर हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से पूरा गुफा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अतिथियों ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया.
डीसी, एसपी और जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन
मुख्य समारोह में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा, झामुमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय गोस्वामी, सांसद प्रतिनिधि संजीव समू हेंब्रम तथा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने संयुक्त रूप से मेले का शुभारंभ किया. उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने प्राकृतिक गुफा में स्थित पीतांबरी शिवलिंग पर जलार्पण कर पूजा-अर्चना की और जिले तथा राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की.
शिवगादी प्रबंध समिति ने अतिथियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिवगादी प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों को मोमेंटो और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद, बरहेट बीडीओ अंशु कुमार पांडे और थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया लगातार मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं. डीसी ने कहा कि बाबा की नगरी में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालु जिले के अतिथि हैं. उनकी सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा के दर्शन कर सकें और अच्छी यादें लेकर अपने घर लौटें.
सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पूरे मेला परिसर, मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना लागू की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो. उन्होंने कहा कि जेबकतरों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं. इसके अलावा मेला परिसर, मंदिर और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है.
शिवगादी में जल्द मिलेगा रोपवे का तोहफा: पंकज मिश्रा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा और पूरे साहिबगंज जिले के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि बाबा गाजेश्वरनाथ धाम का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. पंकज मिश्रा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिवगादी पहाड़ पर रोपवे निर्माण की योजना पर तेजी से काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि परियोजना की प्रशासनिक प्रक्रिया और सर्वेक्षण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. रोपवे बनने के बाद बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी.
पूर्वी भारत की प्रमुख आस्था स्थली है शिवगादी धाम
पंकज मिश्रा ने कहा कि बाबा गाजेश्वरनाथ धाम केवल साहिबगंज या झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के लाखों शिवभक्तों की गहरी आस्था का केंद्र है. प्राकृतिक गुफा के भीतर स्थापित पीतांबरी शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि इस वर्ष राजकीय श्रावणी मेले को पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु देवघर की तरह शिवगादी धाम की भी सकारात्मक छवि अपने साथ लेकर लौटें.
इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी पर कांग्रेस से हस्तक्षेप की मांग, बंधु तिर्की ने सौंपे पांच अहम सुझाव
कई प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, राजमहल एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिवगादी प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. जिला प्रशासन ने पूरे श्रावणी मेले के दौरान बेहतर यातायात, स्वच्छता, चिकित्सा, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का दावा किया है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड विश्वविद्यालयों में एसोसिएट प्रोफेसर नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त, JPSC से मांगी अपडेटेड स्टेटस रिपोर्ट
