रेलवे स्कूल व हेरिटेज भवन का उद्घाटन करेंगे महाप्रबंधक

साहिबगंज में 15 जुलाई को महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर रेलवे हेरिटेज भवन और स्कूल का उद्घाटन करेंगे। इस दौरे को लेकर मालदा रेल मंडल में तैयारियां जोरों पर हैं।

साहिबगंज हावड़ा जोन के महाप्रबंधक जनरल मैनेजर मिलिंद देउस्कर का 15 जुलाई को मालदा रेल मंडल के अंतर्गत बरहरवा–साहिबगंज–भागलपुर रेलखंड पर एक महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है. इस वीआईपी दौरे को लेकर पूरे मालदा मंडल में प्रशासनिक सक्रियता अपने चरम पर है. साहिबगंज, बरहरवा, तीनपहाड़, सकरीगली और भागलपुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इन दिनों रंग-रोगन, मरम्मत और साफ-सफाई का काम युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. अधिकारी खुद मौके पर रहकर हर तैयारी की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं. साहिबगंज रेलवे स्टेशन को इस दौरान एक नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है, जहां प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है. ऐतिहासिक हेरिटेज भवन को मिलेगी नई पहचान इस दौरे का एक सबसे खास पहलू साहिबगंज में अंग्रेजों के जमाने के ऐतिहासिक रेलवे हेरिटेज भवन का उद्घाटन होना है.

महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर वर्षों पुराने इस गौरवशाली भवन को एक नए और संरक्षित रूप में जनता को समर्पित करेंगे, जिससे साहिबगंज के समृद्ध रेल इतिहास की यादें ताजा हो सकेंगी. इसके अलावा, जीएम द्वारा रेलवे स्कूल से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया जाना तय हुआ है. यात्री सुविधाओं की समीक्षा और स्थानीय संगठनों की उम्मीदें अपने इस विस्तृत निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक मुख्य रूप से यात्री सुरक्षा, स्वच्छता, डिजिटल सूचना प्रणाली और दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा करेंगे. साथ ही, पूरे रेलखंड की परिचालन व्यवस्था और रेलवे कॉलोनियों की स्थिति का जायजा लेने के बाद वे अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी करेंगे. इस दौरे को लेकर स्थानीय व्यापारिक और सामाजिक संगठनों में खासा उत्साह है. चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित कई मंच नई ट्रेनों के ठहराव और लंबित परियोजनाओं को लेकर जीएम को एक विशेष ज्ञापन सौंपने की तैयारी में जुटे हैं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और प्रशासनिक मॉक ड्रिल रेलवे के सहायक अभियंता वेदव्यास शरण ने इस प्रस्तावित दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आवश्यक विभागीय तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं. वहीं दूसरी ओर, जिला प्रशासन भी इस दौरे को लेकर अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए 15 जुलाई को शाम 4 बजे से एक विशाल मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा. इसमें पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने का पूर्वाभ्यास करेंगी. एक ही दिन जीएम का दौरा और प्रशासन की मॉक ड्रिल होने से पूरे शहर में हलचल बढ़ गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abdhesh singh

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >