प्रतिनिधि, साहिबगंज. गंगा समग्र की एकदिवसीय प्रांत बैठक सोमवार को माघव निकेतन में प्रदेश संयोजक डॉ. देवव्रत गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष और राष्ट्रीय मंत्री रामाशंकर सिन्हा उपस्थित रहे. बैठक में गंगा की अविरलता और निर्मलता के साथ-साथ नदियों, तालाबों और कुओं के संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
झारखंड में संगठन के विस्तार पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष ने गंगा समग्र के कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अविरल गंगा और निर्मल गंगा के उद्देश्य को लेकर गंगा समग्र पूरे देश में कार्य कर रही है. झारखंड में भी संगठन के कार्यों को और विस्तार देने की आवश्यकता है.
उन्होंने बताया कि गंगा समग्र के झारखंड प्रांत को तीन संभागों में बांटा गया है, जिसमें रांची, देवघर और हजारीबाग संभाग शामिल हैं. तीनों संभागों के सभी जिलों में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
1 नवंबर को रांची में होगी प्रांत स्तरीय बैठक
बैठक में निर्णय लिया गया कि गंगा समग्र की अगली प्रांत स्तरीय एकदिवसीय बैठक आगामी 1 नवंबर को रांची में आयोजित की जाएगी. इसमें तीनों संभागों से दर्जनों कार्यकर्ता भाग लेंगे. बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
नदियों की स्वच्छता और आरती पर भी बनी योजना
बैठक में गंगा से मिलने वाली सभी नदियों की अविरलता और स्वच्छता को लेकर भी चिंतन किया गया. सभी केंद्रों पर नियमित रूप से गंगा आरती और सफाई अभियान चलाने की योजना बनाई गई. इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर नदियों की स्वच्छता के लिए लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया.
कुएं और तालाबों के संरक्षण पर जोर
गंगा समग्र ने गंगा और उसकी सहायक नदियों के साथ-साथ कुओं और तालाबों के संरक्षण एवं संवर्धन को भी प्राथमिकता देने का निर्णय लिया. जलस्रोतों के संरक्षण के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभियान चलाने पर चर्चा हुई.
हावड़ा में होगा राष्ट्रीय कार्यकर्ता समागम
बैठक में बताया गया कि गंगा समग्र का राष्ट्रीय कार्यकर्ता समागम 1, 2 और 3 जनवरी 2027 को हावड़ा में आयोजित किया जाएगा. इसमें देशभर से संगठन के कार्यकर्ता भाग लेंगे.
बैठक में प्रांत संगठन मंत्री जय किशोर पाठक, प्रदेश सह संयोजक भूदेव कुमार, प्रांत तालाब प्रमुख राहुल मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, धर्मराज मंडल, श्रवण कुमार, चंदा गौड़, मिथुन पांडे सहित संगठन के अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
