पलाश और अपना मार्ट के जरिए बिक रहे किसानों के ताजे आम

बिरसा हरित ग्राम योजना के आम को मिल रहा उचित बाजार

साहिबगंज.

साहिबगंज जिला प्रशासन, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी, मनरेगा और किसान उत्पादक कंपनियों के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने हेतु आम विक्रय केंद्रों की शुरुआत की गयी है. डीडीसी सतीश चंद्रा ने इस पहल का उद्घाटन किया. बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत लाभुक किसानों द्वारा उत्पादित आमों को पलाश और अपना मार्ट के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है. जिले के नौ प्रखंडों में स्थापित विक्रय केंद्रों पर आम्रपाली, मालदा और मालिका किस्म के ताजे आम बेचे जा रहे हैं. यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, बिचौलियों की भूमिका कम करने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने में सहायक होगी. सखी मंडल से जुड़ी महिलाएं किसानों और स्वयं सहायता समूहों से आम खरीदकर उपभोक्ताओं तक पहुंचा रही हैं, जिससे किसानों को बाजार और महिलाओं को आय का स्थायी स्रोत मिल रहा है. बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में 883 एकड़ क्षेत्र में आम का उत्पादन किया गया है और इस वर्ष लगभग 732 मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान है. तीन किसान उत्पादक कंपनियों के माध्यम से इन उत्पादों को बाजार से जोड़ा जा रहा है. इस पहल से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण आम मिल रहे हैं, जबकि महिलाओं को विपणन, उद्यमिता और व्यवसाय प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होकर उनका आर्थिक सशक्तिकरण बढ़ रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >