12 किलोमीटर बाइपास रिंग रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर, 2026 में बरहरवा क्षेत्रवासियों को मिलेगी जाम से मुक्ति

12 किलोमीटर बाइपास रिंग रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर, 2026 में बरहरवा क्षेत्रवासियों को मिलेगी जाम से मुक्ति

पतना

साहिबगंज जिले के बरहरवा व पतनावासियों को 2026 में बड़ी सौगात मिलने वाली है. अब बरहरवा बाजार में सड़क जाम से मुक्ति के साथ यातायात व्यवस्था में सुधार होगा. झारखंड सरकार की स्वीकृति के बाद पीडब्ल्यूडी ने बरहरवा बाइपास रिंग रोड के लिए पतना के केसरो मोड़ से दिग्घी एनएच तक पहले चरण में लगभग 47 करोड़ रुपये से 12 किलोमीटर रिंग रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसे लेकर भूमि चिह्नित कर कार्य प्रारंभ किया जा चुका है. यह रिंग रोड दिग्घी एनएच-केसरो भाया कुम्हरिया, बूढ़ी पहाड़, झूमरबाद, अंबेरी, चापांड़े तक बनेगी. इसमें सड़क निर्माण के साथ-साथ चौड़ीकरण भी किया जाना है. हालांकि, भूमि अधिग्रहण के रैयतों को पूर्ण मुआवजा नहीं मिलने के कारण कार्य पर अल्प विराम लग गया है. एबीसी कंपनी के द्वारा दिग्घी एनएच 80 से कार्य प्रारंभ कर खैरबनी से झुमरबाद तक कालीकृत सड़क का निर्माण किया गया है. वहीं, मार्ग पर कई पुलिया का भी कार्य प्रगति पर है. 2026 के शुरुआती कुछ महीनों में सभी रैयतों को मुआवजा देने के बाद सड़क निर्माण पूर्ण किया जायेगा और आमजनों के लिए चालू कर दिया जायेगा.

व्यवसायिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है सड़क

बरहरवा व पतना क्षेत्र का मुख्य व्यवसाय पत्थर खनन व परिवहन है. केसरो-दिग्घी एनएच तक रिंग रोड निर्माण होने से बरहरवावासियों के साथ-साथ व्यवसाय को भी लाभ पहुंचेगा. इससे पतना से पत्थर व स्टोन चिप्स धुलाई करनेवाले वाहनों की संख्या बढ़ेगी. बरहरवा बाजार में जाम की वजह से पिछले कुछ वर्षों में कम हुई वाहनों की संख्या में इजाफा होगा. इससे व्यवसायी वर्ग को राहत मिलेगी. सरकार के राजस्व में भी काफी बढ़ोतरी होगी. बताते चलें कि बरहरवा बाजार में भारी वाहन के प्रवेश से अक्सर सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इससे सबसे ज्यादा त्रस्त यहां की आम जनता है.

पर्यटकों व सैलानियों की संख्या में भी होगी बढ़ोतरी

सावन के माह में पश्चिम बंगाल के लाखों श्रद्धालु छोटे-बड़े वाहनों से साहिबगंज जिले के बरहेट शिवगादी स्थित सुविख्यात बाबा गाजेश्वरनाथ धाम जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. बरहरवा बाजार से बरहेट जाने के क्रम में सावन के हर शनिवार, रविवार व सोमवार को बरहरवा बाजार में घंटों जाम लगा रहता है. रिंग रोड के निर्माण होने से सभी वाहन बरहरवा शहर में प्रवेश नहीं करेंगे. इससे शहर में एक ओर जहां जाम नहीं लगेगा तो वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं का आवागमन भी सुलभ होगा. इससे नववर्ष एवं अन्य अवसर पर यहां की पहाड़ी वादियों का लुत्फ उठाने पहुंचने वाले पर्यटकों व सैलानियों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >