तालझारी : प्रखंड अंतर्गत कल्याणी पंचायत भवन के मुख्य द्वार के ठीक सामने सड़क पर बने गड्ढे में बारिश का पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पंचायत भवन में रोजाना विभिन्न कार्यों को लेकर लोगों का आना-जाना होता है. इसी रास्ते से स्कूली बच्चों को भी स्कूल आना-जाना पड़ता है. इतना ही नहीं, उक्त सड़क से महाराजपुर बाजार और वहां के लोगों का भी आवागमन होता है.
गड्ढे में पानी जमा रहने से बढ़ी परेशानी
लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे में पानी जमा रहने से काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. आये दिन सड़क पर पानी जमा रहने के कारण आने-जाने वाले राहगीर असंतुलित होकर गिर भी पड़ते हैं.
जल निकासी होने से समस्या का हो सकता है समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पानी की निकासी की व्यवस्था होती, तो शायद इस समस्या का समाधान हो पाता. जलजमाव के कारण पंचायत भवन के सामने आवागमन प्रभावित हो रहा है.
वैकल्पिक व्यवस्था का दिया आश्वासन
पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहनलाल मरांडी ने बताया कि पंचायत भवन के सामने सड़क पर पानी जमा रहने से लोगों को समस्या तो होती है. इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी.
