इ-रिक्शा टैक्स फ्री, सभी वार्डों में लगेंगी सोलर लाइट

नप बोर्ड की पहली बैठक में लिये गये कई अहम फैसले

साहिबगंज

नगर परिषद सभागार में शुक्रवार को नगर परिषद बोर्ड की पहली बैठक अध्यक्ष रामनाथ पासवान की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 21 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा कर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गयी. बैठक में अध्यक्ष को 20 हजार रुपये, उपाध्यक्ष को 15 हजार रुपये तथा वार्ड पार्षदों को 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने का निर्णय लिया गया. बैठक में यात्री ढोने वाले इ-रिक्शा और टोटो चालकों को टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया गया, जबकि मालवाहक इ-रिक्शा से टैक्स वसूला जायेगा. साथ ही होर्डिंग डाक को रद्द कर दिया गया. बैरियर, बस स्टैंड, गंगा विहार पार्क सहित शेष सैरातों की डाक बंदोबस्ती नए सिरे से कराने का निर्णय लिया गया.

बस स्टैंड स्थित आश्रय गृह परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी. इसके अलावा वार्ड पार्षदों द्वारा प्राप्त योजनाओं को भी पारित किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में 50-50 सोलर लाइट लगायी जायेगी. इस प्रकार पूरे शहर में कुल 650 सोलर लाइट स्थापित होंगी. खराब पड़ी एलइडी स्ट्रीट लाइट और अन्य लाइटों को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 14 वार्डों की जिम्मेदारी शिव हरि तथा 14 वार्डों की जिम्मेदारी सेनेटरी सुपरवाइजर प्रिंस को सौंपी गयी. बरसात से पहले बड़े और छोटे नालों की विशेष सफाई अभियान चलाने, झाड़ू, ब्लीचिंग पाउडर और सफाई किट पर्याप्त मात्रा में खरीदने का निर्देश दिया गया.

कंपनी अपनी कार्यशैली सुधारे, घर-घर हो कचरे का उठाव : अध्यक्ष

बोर्ड बैठक में आकांक्षा कंपनी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि कंपनी कार्यप्रणाली में सुधार करे और प्रतिदिन प्रत्येक घर से कचरा उठाव सुनिश्चित करे. साथ ही कचरा प्लांट का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा गया.

शहर में पेयजल समस्या दूर करने के लिए खराब चापानलों की मरम्मत, आवश्यक सामग्री क्रय तथा नए बोरिंग कराकर चापानल लगाने की स्वीकृति दी गई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय पर विचार करते हुए वर्ष 2026-27 के बजट पर भी चर्चा की गई. बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श कर कई विकासात्मक निर्णय लिए गए. बैठक में नगर परिषद पदाधिकारी अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष विनीता देवी, सभी वार्ड पार्षद, सिटी मैनेजर रवि कुमार, लेखा पदाधिकारी कुमारी पूर्णिमा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >