प्रतिनिधि, उधवा. ईद मिलादुन्नबी को लेकर उधवा प्रखंड में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. बुधवार को आयोजन को लेकर दरगाडांगा मजार मैदान में सभा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. उधवा प्रखंड के विभिन्न गांवों से मुस्लिम समुदाय के लोग जुलूस के रूप में क्षेत्र का भ्रमण करते हुए सभा स्थल पहुंचेंगे.
जुलूस के दरगाडांगा पहुंचने के बाद गांव स्थित पीर बाबा बहाउद्दीन कादरी की मजार पर चादरपोशी की जायेगी. इसके बाद अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी जायेगी. चादरपोशी के बाद सभा स्थल पर जलसा आयोजित होगा.
उलेमा तकरीर कर देंगे भाईचारे का संदेश
जलसे में विभिन्न स्थानों से पहुंचे उलेमा तकरीर करेंगे. इस दौरान पैगंबर मोहम्मद साहब की पैदाइश, जीवन, शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेश पर प्रकाश डाला जायेगा.
लोगों से पैगंबर साहब के बताये रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा समाज में शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील की जायेगी.
गांवों में उत्साह, पंडाल और लाइटिंग से सजे घर-दुकान
ईद मिलादुन्नबी को लेकर आसपास के गांवों में भी उत्साह का माहौल है. लोगों ने पंडाल और लाइटिंग लगाकर घरों, दुकानों और धार्मिक स्थलों को सजाया है. आयोजन स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए आयोजकों ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
आयोजकों के अनुसार, इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक लोगों के जुलूस और सभा में शामिल होने की उम्मीद है.
मजार में चादरपोशी के बाद खिलायी जायेगी सिरनी
प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले हजारों लोगों के लिए सिरनी (खिचड़ा) की व्यवस्था की जाती है. मजार में चादरपोशी के बाद लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर सिरनी खाते हैं और भाईचारे का संदेश देते हैं.
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर दरगाडांगा सभा स्थल पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और आलिम-उलेमा भी पहुंचते हैं. वे लोगों को आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाये रखने का संदेश देते हैं.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट है. जुलूस के दौरान विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों और सभा स्थल पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस और जलसा संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
