पुलिया में दरार, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाये सवाल

सीएम ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत बनी सड़क, उच्चस्तरीय जांच की मांग

बोरियो मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत प्रखंड क्षेत्र के पटलोहरा से बड़ा कुसमी गांव तक सड़क निर्माण कार्य कराया गया है. करीब 3.9 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा 298.284 लाख रुपये आवंटित किये गये थे. योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण के साथ-साथ पुलिया निर्माण एवं सड़क का मरम्मत कार्य भी शामिल था. संवेदक द्वारा सड़क और पुलिया का निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया, लेकिन निर्माण पूर्ण होने के महज कुछ ही महीनों बाद पुलिया में दरारें उभर आयी है. पुलिया में समय से पहले दरार पड़ने से ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं तथा निर्माण में अनियमितता बरतने की आशंका जतायी है. ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ही बिशनपुर गांव के ग्रामीणों एवं मुखिया ने घटिया गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए काम रुकवाया था और विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी की थी. इसके बावजूद अधिकारियों की उदासीनता के कारण पुनः निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया और कार्य पूर्ण कर लिया गया अब स्थिति यह है कि कुछ ही महीनों में सड़क एवं पुलिया दोनों की हालत खराब होने लगी है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान कनीय अभियंता की अनुपस्थिति में सड़क एवं पुलिया का निर्माण कराया गया। साथ ही डब्ल्यूएमएम (वेट मिक्स मैकडम) एवं जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) कार्य में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क और पुलिया समय से पहले जर्जर होने लगे हैं. ग्रामीणों ने नवनिर्मित सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. कहते हैं कनीय अभियंता कनीय अभियंता संदीप कुमार से इस संदर्भ में पूछने पर बताया कि पुलिया में दरार आने का कारण पता नही चल सका है. स्थल निरीक्षण करने के बाद कारण स्पष्ट होगा. पुलिया में दरार आया है तो संबंधित संवेदक को पुलिया के मरम्मती के लिए आदेशित किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >