बरहरवा में एलपीजी गैस सिलिंडर लेने के लिए घंटों परेशान रहे सैकड़ों उपभोक्ता,

पुलिस पहुंचने के बाद उपभोक्ताओं को मिला सिलिंडर

बरहरवा

सरकार द्वारा देश में एलपीजी गैस की पर्याप्त स्टॉक होने के दावों के बीच गुरुवार को बरहरवा स्थित एचपी हांसदा गैस एजेंसी के कार्यालय के बाहर सिलिंडर लेने आये उपभोक्ताओं ने घंटों जमकर हंगामा किया. सैकड़ों की संख्या में गैस सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भीड़ करीब 2 घंटे बेकाबू रही और जमकर हो-हल्ला किया. इस कारण एजेंसी के कर्मियों को कार्यालय का मुख्य गेट कुछ देर के लिये बंद करना पड़ा. वहीं, स्थिति बेकाबू होता देख बरहरवा थाना को सूचना दी गयी. इसके बाद एएसआइ रंजय यादव और राजनाथ साव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी देख-रेख में योग्य उपभोक्ताओं के बीच सिलिंडर का वितरण कराया.

18 मार्च के बाद 26 मार्च को आया सिलिंडर का स्टॉक

बरहरवा एचपी हांसदा गैस एजेंसी के पास 18 मार्च 2026 को 750 पीस एलपीजी गैस सिलिंडर आया था. जो एक-दो दिनों में ही समाप्त हो गया था. इसके बाद ट्रांसपोर्टिंग में हो रही दिक्कतों के कारण सिलिंडर का स्टॉक बरहरवा नहीं पहुंच पा रहा था. इस कारण क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. सिलिंडर बुकिंग करने के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा था. इधर, 26 मार्च (गुरुवार) को 750 पीस सिलिंडर आया. इसकी सूचना जैसे ही उपभोक्ताओं को मिली, सुबह 7 बजे से ही एजेंसी के कार्यालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा होने लगे तथा लोगों में पहले सिलिंडर पाने की होड़ लग गयी. इस कारण करीब 2 घंटों तक एजेंसी के कार्यालय के बाहर स्थिति बेकाबू रही. जहां लोगों ने बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत की. हालांकि, पुलिस पहुंचने के बाद लोगों को कतारबद्ध कराकर करीब 450 उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिये गये.

एजेंसी के बाहर वाहनों की लगी लंबी कतार

एलपीजी गैस सिलेंडर लेने शहर के अलावे दूर-दराज से सैकड़ों लोग मोटरसाइकिल, टोटो-ऑटो आदि वाहनों से आये थे. जो अपने साथ खत्म हो चुके पुराना सिलिंडर भी लेकर पहुंचे थे. कई ऑटो-टोटो में तो चार-पांच सिलिंडर रखे हुये थे. इस कारण एजेंसी के कार्यालय के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. वहीं, कई लोग तो माथे तो कई लोग कंधे पर भी सिलिंडर लेकर पहुंचे थे.

सिलिंडर नहीं मिलने से परेशान हैं दुकानदार

बरहरवा शहर व ग्रामीण इलाकों में सिलिंडर की किल्लत का असर घरेलू उपभोक्ताओं पर तो पड़ा ही है, इसका सबसे अधिक बुरा प्रभाव नाश्ता, चाय, होटल आदि का संचालन करने वाले छोटे दुकानदारों पर पड़ा है. कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने के कारण इनकी रोजी-रोटी पर बुरा असर हुआ है तथा कई दुकानें बंद हो गयी है.

कहते हैं एजेंसी के अधिकारी

एचपी हांसदा गैस एजेंसी के मैनेजर सुरोजित कुमार दास ने कहा कि एजेंसी के पास सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. ट्रांसपोर्टिंग में आ रही कुछ दिक्कतों के कारण सिलिंडर समय से नहीं पहुंच पा रहा है. 26 मार्च को 750 सिलिंडर आये. 27 मार्च को सिलिंडर का नया स्टॉक आयेगा. उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है. सभी योग्य उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >