सड़क बनी दरिया:24 घंटे से झारखंड-बंगाल का टूटा संपर्क, 50 साल से पुल का इंतजार

बारिश से बरहरवा-फरक्का NH80 पर निसिंद्रा कटान में जलभराव, झारखंड-बंगाल संपर्क टूटा. 24 घंटे से आवागमन ठप, 50 साल से पुल का इंतजार.

प्रतिनिधि, बरहरवा/फरक्का. पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद झारखंड के बरहरवा से पश्चिम बंगाल के फरक्का जाने वाली एनएच-80 पर निसिंद्रा कटान के पास सड़क के ऊपर से तेज धार में पानी बह रहा है. पानी का बहाव तेज होने के कारण झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है. पिछले करीब 24 घंटे से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप है.

सड़क पर पानी बहने से इसका सीधा असर साहिबगंज जिले के बरहरवा क्षेत्र के पत्थर कारोबार के साथ-साथ सब्जी, अनाज और अन्य जरूरी सामग्रियों के आयात-निर्यात पर पड़ा है. वहीं झारखंड से बंगाल की ओर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है. लोगों को तिलंडागा होकर जाना पड़ रहा है, जिससे करीब पांच किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.

स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी, स्कूल जाना हुआ मुश्किल

निसिंद्रा के पास ही एक उच्च विद्यालय स्थित है, जहां बड़ी संख्या में आसपास के बच्चे पढ़ाई करते हैं. सड़क के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. कई बच्चे पानी के कारण स्कूल नहीं जा पा रहे हैं.

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष भी स्कूल जाने के दौरान एक छात्र पानी की तेज धार में बह गया था. हालांकि, काफी मशक्कत के बाद छात्र को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया था. इसके बावजूद हर साल बारिश के दौरान निसिंद्रा कटान पर ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है.

यह भी पढ़ें:

24 घंटे में दूसरी बार भू-धसान:न्यू फरक्का में तीन फीट धंसा रेलवे ट्रैक,ट्रेनों की थमी रफ्तार

50 वर्षों से हाई लेवल पुल की मांग, अब तक नहीं बनी बात

निसिंद्रा के पास झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने के लिए हाई लेवल पुल बनाने की मांग पिछले करीब 50 वर्षों से की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल नहीं बनने के कारण हर बारिश में इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो जाता है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है.

बताया जाता है कि इस स्थान पर पुल निर्माण को लेकर लंबे समय से राजनीतिक दांव-पेंच और जमीन से जुड़े विवाद अड़चन बने हुए हैं. यही वजह है कि वर्षों से मांग उठने के बावजूद अब तक यहां हाई लेवल पुल का निर्माण नहीं हो सका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराया जाना जरूरी है, ताकि बारिश के दिनों में झारखंड और बंगाल के बीच संपर्क बाधित न हो.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bikash jaswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >