आदर्श हत्याकांड : रिमांड पर चारों आरोपियों से पूछताछ, दो पिस्तौल व बाइक बरामद

साहिबगंज के आदर्श हत्याकांड में पुलिस ने रिमांड पर लिए गए चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद दो पिस्तौल और बाइक बरामद की है। जांच अभी जारी है।

साहिबगंज. नगर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित आदर्श कुमार दास उर्फ कुकु हत्याकांड में पुलिस रिमांड पर लिए गए चारों आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद गुरुवार को उन्हें पुनः न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. रिमांड के दौरान पुलिस ने दो पिस्तौल, एक खोखा तथा बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या JH-18C-6173) शोभनपुर दियारा से बरामद की है. नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि चारों आरोपियों से अलग-अलग एवं आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गयी. पूछताछ के आधार पर हथियार, खोखा और मोटरसाइकिल बरामद की गयी. प्रारंभिक जांच में बरामद बाइक संजय कुमार यादव के नाम से पंजीकृत पायी गयी है. पुलिस बाइक के उपयोग और उसके संबंध में भी जांच कर रही है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी अंशु कुमार सिन्हा और कथित मास्टरमाइंड सत्यम कुमार आर्य से हत्या की साजिश, पुरानी रंजिश और घटना की योजना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गयी. वहीं बादल और सुशांत से भी उनकी भूमिका को लेकर कई अहम सवाल किए गए. सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के दौरान कुछ आरोपी भावुक हो गए और पछतावा जताते हुए रो पड़े. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

सूत्रों के मुताबिक, घटना के दिन तिलकधारी कुआं के समीप अंशु देशी कट्टा लेकर पहुंचा था, जबकि सत्यम ने बादल और सुशांत को दो कारतूस लाने को कहा था. आदर्श के वहां पहुंचने पर कहासुनी हुई, जिसके बाद अंशु ने गोली चला दी. पुलिस ने बुधवार देर शाम आरोपियों के साथ घटनास्थल का सीन रिक्रिएट कराया था और देर रात बरामदगी की कार्रवाई पूरी की.

गौरतलब है कि नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित तिलकधारी कुआं चौक के समीप एक जुलाई की शाम आदर्श कुमार दास उर्फ कुकु की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. मृतक के चाचा के बयान पर नगर थाना कांड संख्या 116/26 दर्ज कर आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था.

घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी अंशु कुमार सिन्हा, कथित मास्टरमाइंड सत्यम कुमार आर्य तथा उनके सहयोगी बादल और सुशांत ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने न्यायालय से चारों आरोपियों को रिमांड पर लिया था.

थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि अनुसंधान अभी जारी है. जांच के हित में पूछताछ में सामने आए अन्य तथ्यों का फिलहाल खुलासा नहीं किया जा सकता. पुलिस हत्या की पूरी साजिश और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abdhesh singh

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >