प्रतिनिधि, बरहेट पंचायत के रघुनाथपुर में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 102 की सेविका पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए 500 रुपये प्रति आवेदन मांगने का आरोप लगाया है. इसे लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ अंशु कुमार पांडे को लिखित शिकायत भी की है. शिकायत के अनुसार, मीनू कुमारी, मिनोटी हेम्ब्रम, मनीषा हांसदा, सुनीता हांसदा, जनोती मरांडी, इंद्रा देवी, रेणु हांसदा सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि उक्त केंद्र की सेविका सुनेमी मुर्मू झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के आवेदन सत्यापन के लिए प्रति आवेदन 500 रुपये मांग रही हैं. उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं ने सेविका को रुपये नहीं दिए, उनके आवेदन का सत्यापन नहीं हुआ है. इधर, आवेदन मिलने के बाद बीडीओ अंशु कुमार पांडे ने बताया कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है और इसमें गलत करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा. वहीं, महिलाओं ने इसकी जानकारी झामुमो के राजा राम मरांडी को भी दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
