दाहुटोला पंचायत के बनगांव में जेसीबी से काटी जा रही मिट्टी

राजमहल में गंगा किनारे अवैध मिट्टी कटाई से बढ़ा कटाव का खतरा

राजमहल

अंचल क्षेत्र के कई गंगा घाटों पर गंगा किनारे की मिट्टी अवैध रूप से काटकर ईंट भट्टों में बेचे जाने का मामला सामने आया है. दाहुटोला पंचायत के बनगांव के ग्रामीणों का आरोप है कि रात-दिन जेसीबी मशीन से मिट्टी काटकर सैकड़ों ट्रैक्टरों से ले जाया जा रहा है, जिससे गंगा कटाव का खतरा लगातार बढ़ रहा है. ग्रामीण अबीदुर रहमान, सुल्तान शेख, आवेदूर शेख, जियाउल हक, सत्तार शेख, बबलू शेख, तोहिदुर शेख, जाकिर शेख, रफीक शेख, मीनू शेख, मुर्तजा शेख, सावन शेख, खुशमुद्दीन शेख और दाऊद शेख ने बताया कि बरसात के समय गंगा कटाव से गांव के लोग पहले ही परेशान रहते हैं. कई परिवारों के घर और जमीन कटाव में समा चुके हैं. इसके बावजूद मिट्टी काटकर ट्रैक्टरों से ईंट भट्टों में भेजा जा रहा है.

प्रशासनिक कार्रवाई न होने से लगातार जारी अवैध कार्य

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. किसानों ने बताया कि मिट्टी कटाई के दौरान सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल भी काटकर मिट्टी के साथ उठा ली गयी. किसान नुरुद्दीन शेख ने कहा कि गंगा किनारे उनकी लगभग चार बीघा जमीन से जबरन मिट्टी काट ली गयी और विरोध करने पर धमकाया गया. उन्होंने बताया कि पहले गंगा नदी गांव से कई किलोमीटर दूर थी, लेकिन लगातार अवैध मिट्टी कटाई और कटाव के कारण अब नदी घरों और गांव के नजदीक पहुंच गयी है. उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद साउथ आलम ने बताया कि स्कूल में बाउंड्री नहीं होने के कारण उसी रास्ते से मिट्टी लदे ट्रैक्टर गुजरते हैं. स्कूल खुले रहने के बावजूद ट्रैक्टरों का आवागमन जारी रहता है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब अवैध मिट्टी कटाई पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

कहते हैं एसडीओ

अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि गंगा नदी में हो रही मिट्टी कटाई की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करें. साथ ही मिट्टी कटाई स्थल पर चौकीदारों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाये.

-सदानंद महतो, एसडीओ, राजमहल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >