तेतरिया के लोगों ने दो घंटे तक रक्सी स्थान रोड किया जाम, आश्वासन बाद यातायात बहाल

15 मार्च तक सड़क की मरम्मत कराने का दिया था अल्टीमेटम, नहीं होने पर खोला मोर्चा,

साहिबगंज. मिर्जाचौकी से रक्सी स्थान जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर तेतरिया गांव के ग्रामीणों ने रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे तक सड़क जाम किया. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत की मांग की और कहा कि जब तक समाधान नहीं होगा, जाम इसी तरह जारी रहेगा. ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में मिर्जाचौकी थाना, साहिबगंज उपायुक्त और मंडरो अंचल अधिकारी को आवेदन देकर सड़क मरम्मत की मांग की गयी थी. ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि 15 मार्च तक सड़क की मरम्मत नहीं होती है तो इसे अनिश्चितकालीन जाम किया जाएगा. इसी के तहत रविवार को सड़क पर बोल्डर रखकर जाम किया गया. सूचना मिलने पर मंडरो सीओ संजय कुमार शुक्ला, झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह प्रखंड सचिव बबलू मिश्रा और समाजसेवी टिंकल भगत मौके पर पहुंचे. वार्ता के दौरान टिंकल भगत ने आश्वासन दिया कि सड़क की तत्काल जेसीबी से मरम्मत करायी जायेगी. आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने जाम हटाया. मौके पर बड़तल्ला पंचायत के मुखिया संजय टुडू, समीद अंसारी, आलम अंसारी, मोहम्मद शौकत अंसारी, सहादत अंसारी, मिट्ठू अंसारी सहित तेतरिया गांव के दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे. सात फरवरी को डीसी ने किया था निरीक्षण मिर्जाचौकी से रक्सी स्थान जाने वाली जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या पर डीसी ने सात फरवरी को निरीक्षण भी किया था. इसके बाद लोगों में सड़क की समस्या के समाधान के लिए ग्राम सभा को देने की बात कही थी. 18 फरवरी को ग्रामसभा भी बुलायी गयी पर पूरी नहीं हुई. इसके बाद पिछले दिनों मिर्जाचौकी धर्मशाला परिसर में 12 मार्च को बडतल्ला, मिर्जा संथाली, तेतरिया गांव लोहबिडा और वास्कोला के ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान की उपस्थिति में पुनः ग्राम सभा की गयी, जिसमें 16 आना रैयत भी शामिल रहे, लेकिन वहां भी बात नहीं बनी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >