तीनपहाड़
शनिवार को बोरियो तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर धौगड़ा के पास दो बाइक की आमने सामने टक्कर में तीन युवाओं की जिंदगी खत्म हो गयी. हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है. घरवाले शोक में डूबे हुए हैं. वृंदवान निवासी मेराज अंसारी अपने दोस्तों साहिल अंसारी और सनाउल अंसारी के साथ अपने मामा के घर जा रहा था. वहां उसकी ममेरी बहन की शादी होने वाली थी और वह जरूरत का पैसा लेकर जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली. मेराज की मौके पर मौत हो गयी, जबकि उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गये. इलाज के दौरान साहिल अंसारी ने भी दम तोड़ दिया.
शादी के 20 दिन बाद ही उजड़ गया घरसाहिल अंसारी की शादी अभी बीस दिन पहले ही बरहेट में आफरीन से हुई थी. किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि नयी दुल्हन का सुहाग उजड़ गया. परिजनों का कहना है कि शादी की मेहंदी भी पूरी तरह से मिट नहीं पायी थी कि आफरीन विधवा हो गयी. इस असमय मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया.
खुशियों के बीच त्रासदी ने बदल दिया माहौल इस घटना से गांव में चीत्कार मच गया. परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं. खुशियों के बीच अचानक आई इस त्रासदी ने सबको हिला दिया है. शादी की तैयारियों के बीच मौत की खबर ने पूरे माहौल को मातम में बदल दिया.रविवार को निकलेगा दोनों मृतकों का जनाजा
परिजनों ने बताया कि दोनों का जनाजा रविवार को निकलेगा और गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया जायेगा. यह हादसा न केवल तीन परिवारों को उजाड़ गया, बल्कि पूरे गांव को गहरे दुख में डाल गया. जहां शादी की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहीं मौत ने सब कुछ उजाड़ दिया. यह हादसा किस्मत के क्रूर खेल जैसा है, जिसने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव को मातम में डुबो दिया.
