बरहरवा : जाली नोट के धंधे का मुख्य सरगना राधानगर थाना क्षेत्र के पलासगाछी के मेहंदी हुसैन के घर बरहरवा थाना के पुअनि सुरेश प्रसाद ने राधानगर थाना पुलिस के सहयोग से कुर्की जब्ती किया है. जानकारी के अनुसार 20 जनवरी की रात्रि बरहरवा रेलवे स्टेशन चौक के समीप छह लाख रुपये जाली नोट के साथ पलासगाछी निवासी यार मोहम्मद व आलमगीर आलम को बरहरवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के क्रम में ये पता चला था कि हजार-हजार का जाली नोट का बंडल मेहंदी हुसैन ने ही उनलोगों को दिया था.
जिसे बरहरवा रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से हावड़ा व हावड़ा से मुंबई लेकर जाना था. उस वक्त मेहंदी हुसैन का नाम सुर्खियों में काफी छाया हुआ था. मेहंदी हुसैन का नाम आने के बाद वह क्षेत्र से फरार हो गया. बरहरवा थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी किया. लेकिन पुलिस आज तक उसे गिरफ्तार नहीं कर पायी. बरहरवा थाना प्रभारी उमेश राम ने बताया कि उक्त मामले में मुख्य आरोपित मेहंदी हुसैन के घर पुलिस न्यायालय के आदेश पर कुर्की जब्ती किया है. उसके संबंधित ठिकाने पर भी छापेमारी की जा रही है.
