सावन . पहुंचने लगे कांवरिये, डीसी, एसपी व जिप अध्यक्ष ने किया उदघाटन
बरहेट : शिवगादी मेले का उद्घाटन बुधवार को जिप अध्यक्ष रेणुका मुर्मू, उपायुक्त उमेश प्रसाद सिंह व एसपी पी मुरूगन ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया. मौके पर डीसी उमेश प्रसाद सिंह ने कहा कि शिवगादी में पर्यटन की अपार संभावनाएं है. सरकार ने भी शिवगादी को लेकर काफी दिलचस्पी दिखायी है. इस बार शिवगादी में पहुंचने वाले भक्तों को विशेष सुविधा उपलब्ध कराया जायेगा. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हों इसके लिये प्रबंध समिति की ओर से सहायता केंद्र भी लगाया गया है. पेयजल, स्वास्थ्य व सड़कों की मरम्मत, लाइटिंग आदि का काम काफी सुंदर ढंग से किया गया है.
जिप अध्यक्ष रेणुका मुर्मू ने कहा कि श्रावण माह में एक माह तक लगने वाले इस मेले में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड से काफी संख्या में शिव भक्त यहां आते हैं. इसे लेकर सरकार अपने स्तर से विशेष व्यवस्था करें. वहीं एसपी पी मुरुगण ने कहा कि शिवगादी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मंदिर परिसर, मेला, मुख्य द्वारा सहित विभिन्न मार्गों पर पुलिस बलों की तैनाती की गयी है. सोमवार के दिन शिव भक्त कतारबद्ध खड़े होकर जलार्पण करेंगे. इसमें भी अलग से सुरक्षा कर्मी तैनात किये गये हैं. ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हों. प्रबंध समिति के अध्यक्ष लालू भगत ने कहा कि मेला में दुकानें सज-धज कर तैयार है. मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों को स्वच्छता का ख्याल रखने का निर्देश दिया गया है. उद्घाटन के बाद पदाधिकारियों ने बाबा गाजेश्वरनाथधाम में पूजा-अर्चना किया. मौके पर एसडीओ मृत्युंजय वर्णवाल, डीएसपी बैजनाथ प्रसाद, बीडीओ राजीव कुमार, थाना प्रभारी ब्रह्मदेव चौधरी, बीइइओ रघुनाथ दास, भगन मुर्मू सहित अन्य मौजूद थे.
फरक्का, राजमहल गंगा घाट से जल लेकर कांवरिया तीनपहाड़ व बरहरवा के रास्ते शिवगादी पहुंचते हैं कांवरिये.
तीनपहाड़ में पथरीली पहाड़ों को पार करते हैं श्रद्धालु
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिये कई जगहों पर विभिन्न सामाजिक संगठन लगाते हैं शिविर
यहां लगता है शिविर
फरक्का-बरहरवा एनएच-80 पथ स्थित बरारी युवा कांवरिया सेवा शिविर, मुनिया होटल कांवरिया सेवा शिविर, रिसौड़ कांवरिया सेवा शिविर, बाबा पीपरानाथ कांवरिया सेवा शिविर के अलावे बरहरवा में मां शीतला कांवरिया सेवा शिविर(सब्जी मंडी), चिरंजीवी बोहरा शिव मंदिर सेवा शिविर मेन रोड, श्री श्याम भक्त मंडल कांवरिया सेवा शिविर (पटवारी धर्मशाला), पतना कांवरिया सेवा शिविर, तलबड़िया कांवरिया सेवा शिविर, बोरना स्थित कांवरिया सेवा शिविर, रांगा कांवरिया सेवा शिविर के अलावे अन्य शिविर कांवरियों के लिये लगाये जाते हैं.
