साहिबगंज : व्यवसायी अरुण तमाखुवाला हत्याकांड के चार दिन बाद बीत गये लेकिन पुलिस अब तक ख्याली पलाव पका रही है. हालांकि रविवार रात पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है.
इन चार लोगों में पुरानी साहिबगंज से गोपाल यादव, शोभनपुर भट्ठा से दिनेश यादव, सुनील यादव व बाटा रोड के बबलू शामिल हैं. इन सभी से पूछताछ की गयी है. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि शक के आधार पर इन्हें हिरासत में लिया गया है. सबसे बड़ी बात है कि चार दिन बाद भी पूछताछ व छानबीन के बाद एक भी सुराग हाथ नहीं लगा है. डीएसपी बैद्यनाथ प्रसाद ने तसल्ली देते हुए कहा है कि जल्द ही पूरे मामले से परदा उठा दिया जायेगा.
नगर थाने में नेताओं का जमावड़ा
पुलिस ने जिन चार लोगों को हिरासत में लिया है इनमें से दाे लोग गोपाल व सुनील राजनीतिक दल से संबंध रखते हैं. इस बाबत सोमवार को दिन भर नगर थाने में एक विशेष राजनीतिक दल के नेताओं व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा. इस बात की शहर में दिन भर चर्चा गरम था.
