बड़ी घटना : व्यवसायी की हत्या से पूरा व्यवसायिक महकमा सदमे में, सुरक्षा व्यवस्था पर उठा सवाल
साहिबगंज : अरुण तमाखुवाला की हत्या से व्यवसायिक महकमा सदमे में है. अरुण के मिलनसार स्वभाव व सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को लेकर शहर के चौक चौराहे पर चर्चा आम हो गयी है.
घटना के कारणों पर भी लोग कयास लगा रहे हैं. सूत्र बताते हैं कि साहिबगंज शहर में अरुण के नाम करोड़ों की पुस्तैनी जमीन है. इनमें से एक जमीन संत जेवियर्स विद्यालय के समीप गर्ल्स हॉस्टल के बगल में भी है. जो 34 कट्ठा है. जहां पर एलसीटी से गंगा पार जाने वाले ट्रकों को रखा जाता है.
उससे भी काफी मात्रा में किराया आता है. खबर है कि अरुण वह जमीन किसी विद्यालय को दान में देने वाले थे. कहीं जमीन के लिए तो अरुण की हत्या नहीं हुई! इस सवाल पर पुलिस पूरी नजर गड़ाये हुए है.
छानबीन भी गहनता से की जा रही है. दूसरी ओर अरुण के स्वभाव पर लोग आश्चर्य कर रहे हैं कि इतने मिलनसार व्यक्ति को आखिर किससे दुश्मनी हो गयी, जिसने उसकी इस बेतरतीब तरीके से हत्या कर दी. अरुण की हत्या की खबर साहिबगंज में रह रहे गोतिया व पुलिस द्वारा उनके छोटे भाई अनुप तमाखुवाला को दे दिया गया. मृतक अरुण की मां, भाई सहित अन्य परिजन कलकत्ता से रात में ट्रेन पकड़कर शनिवार को सुबह साहिबगंज पहुंचेंगे.
एसपी व डीएसपी पहुंचे घटना स्थल पर
हत्या की खबर मिलते ही एसपी सुनील भास्कर, डीएसपी बैद्यनाथ प्रसाद उनके घर पहुंच कर मृतक के शव व उनके घर व दुकानों को देखा. पत्रकारों से एसपी ने कहा कि हत्या मामले में पुलिस गंभीरता से छानबीन कर रही है. पुलिस मामले का शीघ्र उद्भेदन कर लेगी. हर पहलुओं को बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है. कई बातें छन कर आयी है. अपराधी किसी हाल में बख्शे नहीं जायेंगे.
सुराग देने वाले को पुलिस देगी 10 हजार
अरुण तमाखुवाला हत्या कांड में पुलिस अधीक्षक सुनील भास्कर ने घोषणा किया कि उनके हत्या से संबंधित सूचना देने वालों को विभाग दस हजार रुपये का इनाम देगा और उनके नाम को गुप्त रखा जायेगा. बहरहाल पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से जांच में जुट गयी है.
