बरहरवा/राजमहल : प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोला बरहरवा के पारा शिक्षक अरुण कुमार भगत के साथ मारपीट व बाद में हुई मौत मामले में पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद एक आरोपित अजय कुमार चौधरी उर्फ मुन्ना सिंह ने गुरुवार को एसडीजेएम के न्यायलय में आत्मसमर्पण कर दिया.
न्यायलय ने श्री चौधरी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. उसके खिलाफ थाना कांड संख्या 54/13 दर्ज है.
क्या है मामला
झिकटिया निवासी पारा शिक्षक अरुण कुमार भगत के परिजनों ने पलटनिया रोड निवासी अजय कुमार चौधरी उर्फ मुन्ना सिंह, अजय कुमार दास उर्फ टुल्लू सहित एक अन्य महिला पर पारा शिक्षक के साथ मारपीट की. इलाज के दौरान 22 दिन बाद पारा शिक्षक की मौत हो गयी.
इस कारण आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को लगभग 12 घंटे तक सड़क जाम किया गया था. इसके बाद राजमहल डीएसपी विजय ए कुजूर ने जल्द अभियुक्त की गिरफ्तारी किये जाने का आश्वासन दिया गया था. इधर डीएसपी श्री कुजूर के नेतृत्व में अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही थी. पुलिस की बढ़ती दबिश के बाद अजय कुमार ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया.
क्या कहते हैं डीएसपी
राजमहल डीएसपी विजय ए कुजूर ने कहा कि अन्य अभियुक्तों की भी जल्द ही गिरफ्तारी होगी.
