साहिबगंज जिले के 42 पेट्रोल पंपों में से सात पंपों पर पेट्रोल और डीजल की किल्लत देखी जा रही है. कई पेट्रोल पंपों पर प्रति वाहन मात्र 300 रुपये का पेट्रोल और 1000 रुपये तक का डीजल दिया जा रहा है. साहिबगंज में पहले से गैस संकट से लोग परेशान थे, अब पेट्रोल संकट भी गहराने लगा है. गुरुवार को शीतला मंदिर स्थित पेट्रोल पंप पर सीमित मात्रा में ही तेल दिया गया. लंबी दूरी तय करने वाले कई लोगों ने 500 रुपये तक का पेट्रोल देने की मांग की, लेकिन कर्मियों ने मना कर दिया. पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह केवल एक टैंकर पेट्रोल पहुंचा था. कमी के कारण सभी छोटे-बड़े वाहनों को सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है. वहीं मंडरो और मिर्जाचौकी क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही पेट्रोल और डीजल की किल्लत देखी गई. पंप कर्मियों ने बताया कि किसी कारणवश तेल टैंकरों में पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाई, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है. हालांकि उन्होंने कहा कि शुक्रवार तक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी. इधर, क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज हो गयी है कि आनेवाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बढ़ सकती है. इसी आशंका के कारण लोग डब्बा, बोतल और अन्य बर्तनों के साथ पेट्रोल पंपों के आसपास भटकते नजर आए, ताकि किसी तरह तेल प्राप्त हो सके. हालांकि कीर्तिनियां क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल मिलने से वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पेट्रोल पंप संचालक सुशील भरतिया ने बताया कि डीजल की कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन कुछ पंपों पर पेट्रोल की कमी बनी हुई है. कम टैंकर आने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि डब्बों में पेट्रोल और डीजल नहीं दिया जा रहा है, केवल वाहनों में ही तेल उपलब्ध कराया जा रहा है.
जिले के सात पेट्रोल पंपों पर तेल संकट, सीमित मात्रा में मिल रहा पेट्रोल
कम टैंकर पहुंचने से आपूर्ति प्रभावित, संकट गहराया

साहिबगंज (फाइल फोटो)